पुतिन की शाही दावत में क्या-क्या था खास? शशि थरूर ने बताई अंदर की बात

Spread the love

राष्ट्रपति भवन में व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में हुई शाही दावत को लेकर शशि थरूर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। उन्होंने इसे “गर्मजोशी भरा और आत्मीय” बताया है। पढ़ें थरूर ने और क्या-क्या कहा।

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तरफ से रूस के अपने समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के लिए आयोजित राजकीय भोज ने भारत-रूस साझेदारी के 25 वर्षों को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। कांग्रेस के सीनियर लीडर शशि थरूर ने कहा कि शुक्रवार रात रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में आयोजित हुई शाही दावत में “गर्मजोशी भरा और आत्मीय” माहौल था। इस दौरान, कई लोगों से बातचीत करना आनंददायक था। बता दें कि शशि थरूर की ये टिप्पणी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तरफ से पुतिन के लिए रखे गए राजकीय भोज के एक दिन बाद आई है।

शशि थरूर ने शाही दावत के बारे में क्या बताया

शशि थरूर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा, “शुक्रवार की रात राष्ट्रपति पुतिन के लिए राष्ट्रपति भवन में आयोजित भोज में शामिल हुआ। वहां माहौल बेहद गर्मजोशी भरा और आत्मीय था। वहां मौजूद कई लोगों से बातचीत करने का आनंद लिया, खासतौर पर रूसी प्रतिनिधिमंडल के साथी बेहद अच्छे थे।’’

राष्ट्रपति भवन में रूसी प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत

जान लें कि राष्ट्रपति मुर्मू ने शाही दावत के दौरान पुतिन और उनके प्रतिनिधिमंडल का वेलकम करते हुए कहा था कि यह दौरा भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ का अहम पड़ाव है। इस पार्टनरशिप की नींव अक्टूबर, 2000 में पुतिन की पहली भारत यात्रा के दौरान रखी गई थी। राष्ट्रपति मुर्मू ने भारत-रूस “विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी” के लिए व्लादिमीर पुतिन के सपोर्ट और व्यक्तिगत प्रतिबद्धता की भी तारीफ की।

भारत-रूस की दोस्ती की राष्ट्रपति ने की तारीफ

राष्ट्रपति कार्यालय से जारी एक बयान के मुताबिक, उन्होंने कहा, ‘‘हमारी पार्टनरशिप शांति, स्थिरता और पारस्परिक सामाजिक-आर्थिक व टेक्नोलॉजिकल प्रोगेस के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता पर बेस्ड है।’’ राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘साल 2025 भारत-रूस की बहुआयामी साझेदारी के लिए खासतौर से फलदायी रहा है, जिसमें हाईलेवल राजनीतिक आदान-प्रदान, बिजनेस और इकोनॉमी, डिफेंस, असैन्य परमाणु सहयोग, स्पेस, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, शिक्षा, संस्कृति और जन-से-जन संपर्क जैसे क्षेत्रों में बड़ी प्रगति हुई है।’’

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया ये भरोसा

अपने बयान में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि दोनों नेताओं ने इस बात पर भरोसा जताया है कि दोनों देशों के बीच कई साल से बनी दोस्ती आने वाले वर्षों में भी मजबूत होती रहेगी। जान लें कि इस राजकीय भोज में उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री मोदी के अलावा अन्य गणमान्य लोग भी शामिल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *