19 साल पहले रिलीज हुई एक ऐसी फिल्म जिससे मेकर्स को कोई उम्मीद नहीं थी, वो पहले हार मान बैठे थे, लेकिन ये फिल्म जब पर्दे पर आई तो इसने इतिहास रच दिया। न सिर्फ से फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल हुई बल्कि इसने चार नेशनल अवॉर्ड जीते।

2006 में गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज हुई आमिर खान स्टारर फिल्म ‘रंग दे बसंती’ ने सिर्फ सिनेमाघरों में ही नहीं, बल्कि लोगों के दिलों और सोच में भी अपनी गहरी छाप छोड़ी। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं थी, बल्कि एक भावनात्मक और सामाजिक आंदोलन था, जिसने भारतीय युवाओं के भीतर जागरूकता और बदलाव की चिंगारी भड़का दी। राकेश ओमप्रकाश मेहरा द्वारा निर्देशित और प्रसून जोशी की लिखी इस फिल्म ने भारतीय सिनेमा में एक नई परिभाषा गढ़ी। फिल्म में आमिर खान के साथ सिद्धार्थ, आर. माधवन, शरमन जोशी, कुणाल कपूर, अतुल कुलकर्णी, सोहा अली खान और एलिस पैटन ने प्रमुख भूमिकाएं निभाईं।
एक्टर्स ने लौटा दी थी फीस
फिल्म की कहानी छह युवाओं की है जो एक ब्रिटिश डॉक्यूमेंट्री फिल्ममेकर की मदद करते हैं, जो भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों पर एक फिल्म बना रही होती है। इस प्रक्रिया में वे खुद अपने भीतर बदलाव महसूस करते हैं और एक व्यक्तिगत त्रासदी उन्हें व्यवस्था के खिलाफ खड़ा कर देती है। दिलचस्प बात यह है कि ‘रंग दे बसंती’ को रिलीज से पहले एक असफल प्रोजेक्ट माना जा रहा था। निर्माता इतने आशंकित थे कि उन्होंने कलाकारों से अपनी फीस वापस करने की मांग की और हैरानी की बात यह है कि सभी कलाकारों ने इसे मान भी लिया। जूम को दिए एक इंटरव्यू में सोहा अली खान ने बताया कि प्रचार के समय सभी प्रमुख कलाकारों ने अपनी फीस वापस कर दी थी क्योंकि फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर सफल होने की उम्मीद नहीं की जा रही थी।
शाहरुख और ऋतिक ने किया था रिजेक्ट
इस फिल्म को बनाना निर्देशक मेहरा के लिए आसान नहीं था। शुरुआत में अजय राठौड़ के रोल के लिए शाहरुख खान और करण सिंघानिया के किरदार के लिए ऋतिक रोशन को अप्रोच किया गया था, लेकिन दोनों ने डेट्स और कई वजहों के चलते फिल्म को ठुकरा दिया। आखिरकार आर. माधवन और सिद्धार्थ को लिया गया, जिनमें से सिद्धार्थ का यह बॉलीवुड डेब्यू था। महज 28 करोड़ रुपये में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। इसने भारत में 53 करोड़ और विश्वभर में 97 करोड़ रुपये की कमाई की। 2006 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में यह ‘धूम 2’ के बाद चौथे नंबर पर रही।
मिले चार नेशनल अवॉर्ड
फिल्म का संगीत एआर रहमान ने तैयार किया, जिसके गाने जैसे ‘रूबरू’, ‘खून चला’, और ‘लुका छुपी’ आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल हैं। साउंडट्रैक के करीब 19 लाख कैसेट्स बिके। फिल्म को चार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले, जिनमें सर्वश्रेष्ठ प्लेबैक सिंगर (नरेश अय्यर), सर्वश्रेष्ठ संपादन, सर्वश्रेष्ठ ऑडियोग्राफी और सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार शामिल है। इसे 79वें ऑस्कर अवॉर्ड्स में भारत की ओर से विदेशी भाषा की फिल्म के लिए नामांकित किया गया, हालांकि यह अंतिम सूची में जगह नहीं बना सकी। आज ‘रंग दे बसंती’ को एक कल्ट क्लासिक का दर्जा प्राप्त है।