धर्मेंद्र के निधन की उड़ी अफवाह, बेटी ईशा देओल ने दिया हेल्थ अपडेट, कहा- वो अभी जिंदा हैं…

Spread the love

धर्मेंद्र की हेल्थ को लेकर लगातार नए अपडेट सामने आ रहे हैं। हाल ही में उनकी मौत को लेकर अफवाहें सामने आईं, जिसका उनकी बेटी ईशा देओल ने खंडन किया है। एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए अफवाहों पर विराम लगा दिया है।

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेन्द्र ने 1960 के दशक में अपने करियर की शुरुआत की और ‘शोले’, ‘फूल और पत्थर’ और ‘चुपके-चुपके’ जैसी फिल्मों से दर्शकों का दिल जीता। लगभग छह दशकों से हिंदी सिनेमा के शानदार एक्टर्स की लिस्ट में शामिल हैं। 8 दिसंबर को वो 90 वर्ष के होने जा रहे हैं। फिलहाल अभिनेता को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। आज सुबह अफवाह सामने आई कि उनका निधन हो गया है। इस पर अब उनकी बेटी ईशा देओल ने पुष्टि की है कि धर्मेन्द्र की हालत में सुधार हो रहा है और वो जिंदा है। ईशा देओल ने सोशल मीडिया पर ये जानकारी दी है।

ईशा देओल का पोस्ट

ईशा देओल ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा, ‘ऐसा लग रहा है कि मीडिया में कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं। मेरे पापा की तबीयत स्थिर है और वे तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। हम सभी से अनुरोध है कि हमारे परिवार की निजता का सम्मान करें। पापा के जल्द स्वस्थ होने की दुआ करने वालों का दिल से धन्यवाद।’ इससे पहले सनी देओल और हेमा मालिनी ने भी रिलीज जारी कर कहा था कि वो अभी स्थिर हैं और रिकवर कर रहे हैं।

धर्मेंद्र को लगातार देखने पहुंच रहे लोग

सोमवार को दिनभर धर्मेन्द्र से मिलने उनकी पत्नी हेमा मालिनी, बेटे सनी देओल और परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल पहुंचे। रात को शाहरुख खान और आर्यन खान की कारें भी अस्पताल के बाहर देखी गईं, जबकि सलमान खान शाम को अभिनेता का हालचाल लेने पहुंचे। गोविंदा को भी देर रात अस्पताल पहुंचते हुए स्पॉट किया गया। धर्मेन्द्र का जन्म 8 दिसंबर 1935 को ब्रिटिश भारत के पंजाब राज्य के लुधियाना जिले के नसराली गांव में हुआ था। उनका पूरा नाम धर्मेन्द्र सिंह देओल है। उनके पिता एक स्कूल के प्रधानाध्यापक थे और माता गृहिणी थीं।

धर्मेंद्र का करियर

धर्मेन्द्र ने 1960 में फिल्मफेयर पत्रिका द्वारा आयोजित एक प्रतिभा प्रतियोगिता जीती, जिसके बाद उन्हें हिंदी फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे में काम करने का मौका मिला, यही उनकी फिल्मी पारी की शुरुआत थी। साल 1954 में धर्मेन्द्र ने प्रकाश कौर से विवाह किया। बाद में, 1980 के दशक की शुरुआत में उन्होंने अभिनेत्री हेमा मालिनी से शादी की, हालांकि उन्होंने अपनी पहली पत्नी को तलाक नहीं दिया। धर्मेन्द्र को भारतीय सिनेमा के इतिहास के सबसे सफल और लोकप्रिय अभिनेताओं में गिना जाता है। पांच से अधिक दशकों तक फैले अपने करियर में उन्होंने न केवल एक्शन फिल्मों से बल्कि रोमांटिक और कॉमेडी भूमिकाओं से भी दर्शकों का दिल जीता। अपने शानदार व्यक्तित्व और दमदार अंदाज के कारण वे लंबे समय तक बॉलीवुड के “ही-मैन” के रूप में मशहूर रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *