गाजा को लेकर बदला इजरायल का प्लान? ट्रंप के साथ बैठक से पहले PM नेतन्याहू ने किया बड़ा ऐलान

Spread the love

इजरायल और हमास के बीच जंग जारी है। इजरायल की सेना गाजा में लगातार विस्तार अभियान भी चला रही है। इजरायली सेना की ओर से जारी अभियान के बीच प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का बड़ा बयान सामने आया है।

तेल अवीव: गाजा में जारी सैन्य कार्रवाई के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच अहम मुलाकात होनी है। इस मुलाकात से पहले पीएम नेतन्याहू ने बड़ी बात कही है। इजरायल के प्रधानमंत्री ने कहा है कि उनका देश अमेरिका के साथ मिलकर एक नई युद्ध विराम योजना पर काम कर रहा है लेकिन इसे अंतिम रूप दिया जाना अभी बाकी है। यह बयान ऐसे समय पर आया है जब नेतन्याहू पर गाजा में जंग खत्म करने को लेकर अंतरराष्ट्रीय दबाव बहुत बढ़ गया है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि इजरायल और हमास के बीच जंग में अब तक 66 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। 

क्या बोले बेंजामिन नेतन्याहू?

माना जा रहा है कि सोमवार को व्हाइट हाउस की बैठक में ट्रंप संघर्ष समाप्त करने के लिए एक नया प्रस्ताव साझा कर सकते हैं। नेतन्याहू ने फॉक्स न्यूज के ‘द संडे ब्रीफिंग’ कार्यक्रम में कहा, ‘‘ हम इस पर काम कर रहे हैं। इसे अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है लेकिन हम वास्तव में इस समय भी राष्ट्रपति ट्रंप की टीम के साथ काम कर रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि हम इसे आगे बढ़ा सकते हैं।” 

अरब अधिकारियों ने क्या कहा?

इस योजना के बारे में जानकारी रखने वाले अरब अधिकारियों ने बताया कि 21 सूत्रीय प्रस्ताव में तत्काल युद्ध विराम, 48 घंटों के भीतर हमास द्वारा बंधक बनाए गए सभी बंधकों की रिहाई और गाजा से इजरायली सेना की क्रमिक वापसी का प्रावधान है। फिलहाल, इजरायली सेना का गाजा शहर में विस्तार अभियान जारी है। इजरायली सेना ने निवासियों को दक्षिण की ओर जाने की चेतावनी दी है।

फिलिस्तीन के राष्ट्रपति ने कही थी ये बात

हाल ही में, फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने वीडियो जारी कर विश्व नेताओं से कहा था कि उनके लोग 2023 में इजरायल पर हमास के हमले को अस्वीकार करते हैं। अब्बास ने कहा था कि जंग समाप्त होने के बाद गाजा पर शासन करने में हमास की कोई भूमिका नहीं होगी और उसे अपने हथियार सौंपने होंगे। अब्बास ने संयुक्त राष्ट्र महासभा को बताया था कि गाजा में फिलिस्तीन के लोग इजरायल द्वारा “नरसंहार, विनाश, भुखमरी और विस्थापन का सामना कर रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *