ऑस्कर अवॉर्ड्स में हल्ला और बॉक्स ऑफिस पर डब्बा गोल, इस फिल्म को लेकर क्यों भावुक हुए करण जौहर? खुद को बताया सौभाग्यशाली

Spread the love

डायरेक्टर नीरज घायवान की फिल्म होमबाउंड को 98वें ऑस्कर अवॉर्ड के लिए चुना गया है। इस खास मौके पर करण जौहर ने भी एक भावुक नोट लिखा है।

डायरेक्टर नीरज घायवान की फिल्म ‘होमबाउंड’ को 98वें ऑस्कर पुरस्कार समारोह में सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जाह्नवी कपूर स्टारर यह फिल्म ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री थी। करण जौहर और नीरज घायवान ने अपनी फिल्म के शॉर्टलिस्ट होने पर खुशी जाहिर की। मंगलवार को ऑस्कर अकादमी ने 12 श्रेणियों के लिए शॉर्टलिस्ट की घोषणा की। सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में 15 फिल्मों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इन 15 फिल्मों में से पांच फिल्मों को अंतिम नामांकन के लिए चुना जाएगा, जिसकी घोषणा 22 जनवरी को की जाएगी। भारत की फिल्म ‘होमबाउंड’ को अर्जेंटीना की ‘बेलेन’, ब्राजील की ‘द सीक्रेट एजेंट’, फ्रांस की ‘इट वाज़ जस्ट एन एक्सीडेंट’, जर्मनी की ‘साउंड ऑफ फॉलिंग’, इराक की ‘द प्रेसिडेंट्स केक’, जापान की ‘कोकुहो’, जॉर्डन की ‘ऑल दैट्स लेफ्ट ऑफ यू’, नॉर्वे की ‘सेंटिमेंटल वैल्यू’, फिलिस्तीन की ‘पैलेस्टाइन 36’, दक्षिण कोरिया की ‘नो अदर चॉइस’, स्पेन की ‘सिरात’, स्विट्जरलैंड की ‘लेट शिफ्ट’, ताइवान की ‘लेफ्ट-हैंडेड गर्ल’ और ट्यूनीशिया की ‘द वॉइस ऑफ हिंद रजब’ के साथ शॉर्टलिस्ट किया गया है।

भावुक हुए करण जौहर

फिल्म के प्रोड्यूसर करण जौहर ‘होमबाउंड’ के ऑस्कर की शॉर्टलिस्ट में शामिल होने की खबर से बेहद उत्साहित हैं। फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि वे अपनी भावनाओं को शब्दों में व्यक्त नहीं कर पा रहे हैं और इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं। करण जौहर ने इस मौके पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘मुझे नहीं पता कि मैं शब्दों में कैसे बयां करूं कि होमबाउंड की इस यात्रा को लेकर मैं कितना गर्वित, उत्साहित और रोमांचित हूं। हम सभी के लिए यह सौभाग्य की बात है कि हमारी फिल्मोग्राफी में यह गौरवशाली और महत्वपूर्ण फिल्म शामिल है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘कई सपनों को साकार करने के लिए नीरज घायवान का धन्यवाद। कान्स से लेकर ऑस्कर की शॉर्टलिस्ट में शामिल होने तक, यह एक बेहद शानदार सफर रहा है! इस खास फिल्म की पूरी कास्ट, क्रू और टीम को ढेर सारा प्यार, आगे बढ़ते रहो। होमबाउंड अब नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।’

निर्देशक नीरज घायवान की प्रतिक्रिया

निर्देशक नीरज घायवान ने अपनी फिल्म का पोस्टर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पेज पर पोस्ट किया, ‘होमबाउंड को 98वें अकादमी पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। हमें दुनिया भर से मिले असाधारण प्यार और समर्थन के लिए हम तहे दिल से आभारी हैं।’

होमबाउंड किस बारे में है?

होमबाउंड की कहानी दो बचपन के दोस्तों, शोएब (ईशान खट्टर) और चंदन (विशाल जेठवा) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पुलिस अधिकारी बनने का सपना देखते हैं। हालांकि न तो व्यवस्था और न ही सामाजिक ढांचा उनके इस सफर को आसान बनाते हैं। यह एक भावनात्मक कहानी है जो दोस्ती, कर्तव्य और उन दबावों को दर्शाती है जिनका सामना युवा भारतीयों को उत्पीड़न, वर्ग और आर्थिक मुद्दों के कारण करना पड़ता है। होमबाउंड का निर्माण करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्वा मेहता और सोमेन मिश्रा ने किया है, जबकि मारिजके डीसूजा और मेलिता टोस्कान डू प्लांटियर इसके सह-निर्माता हैं। मार्टिन स्कोर्सेसी और प्रवीण खैरनार कार्यकारी निर्माता हैं। फिल्म का विश्व प्रीमियर कान फिल्म महोत्सव में हुआ और इसे टोरंटो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में भी प्रदर्शित किया गया। होमबाउंड वर्तमान में नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।

बॉक्स ऑफिस पर डब्बा गोल

दमदार कहानी और खूब तारीफों के बाद भी फिल्म होमबाउंड ने बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाया था। फिल्म ने भारत में 4.85 करोड़ रुपयों का कलेक्शन किया था। वहीं वर्ल्डवाइड फिल्म की कमाई कुल 5.6 करोड़ रुपये रही थी। फिल्म ने खूब तारीफें बटोरी थी और हर किसी को फिल्म काफी पसंद आई थी। इसके बाद भी ये फिल्म सिनेमाघरों में नहीं चली थी। अब ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर प्रीमियर हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *