यमन में बंदूकधारियों ने किया बड़ा हमला, 5 सुरक्षा अधिकारियों को बेरहमी से मार डाला

Spread the love

यमन में बंदूकधारियों ने बड़ा हमला किया है। बंदूकधारियों ने ताइज प्रांत के गवर्नर को निशाना बनाते हुए हमला किया है। हमले में 5 सुरक्षा अधिकारी मारे गए हैं।

Yemen Gunmen Attack: यमन में बंदूकधारियों का आतंक देखने को मिला है। यहां बंदूकधारियों ने ताइज प्रांत के गवर्नर के काफिले पर गोलीबारी की, जिसमें कम से कम 5 सुरक्षा अधिकारी मारे गए है। बंदूकधारियों के इस हमले में 2 अन्य लोग घायल भी हुए हैं। अधिकारियों ने इस हमले के बारे में जानकारी दी है।

किसी समूह ने नहीं ली जिम्मेदारी

ताइज प्रांत के के प्रवक्ता मोहम्मद अब्देल-रहमान ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि ताइज को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली एक प्रमुख सड़क पर नबील शमसान को निशाना बनाकर हमला किया गया। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में 2 हमलावर भी मारे गए हैं। किसी भी समूह ने हमले की तत्काल जिम्मेदारी नहीं ली है।

गवर्नर के कार्यालय ने क्या कहा?

गवर्नर के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि सुरक्षा और सैन्य बल इस हमले के दोषियों का पता लगा रहे हैं। ताइज में ईरान समर्थित हूती विद्रोही और ‘इस्लामिस्ट इस्लाह’ पार्टी समर्थित अन्य लड़ाकों के बीच वर्चस्व की लड़ाई जारी है। 

समझें ताइज का महत्व

दक्षिण-पश्चिम में ताइज 2 जरूरी हाईवे का जंक्शन है। एक पूरब-पश्चिम सड़क जो लाल सागर के किनारे मोचा शहर तक जाती है, और दूसरी उत्तर-दक्षिण सड़क, जो धमार और इब्ब प्रांतों से होते हुए सना तक जाती है। यह 2016 से हूती नाकाबंदी में है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमनी सरकार के खिलाफ उनकी लड़ाई का हिस्सा है। 

हूतियों के बारे में जानें

हूतियों को अंसार अल्लाह के नाम से भी जाना जाता है। यह यमन में सक्रिय एक शिया मुस्लिम विद्रोही समूह है। यह समूह विशेष रूप से यमन के उत्तरी भाग में स्थित सादा प्रांत से जुड़ा हुआ है। हूती आंदोलन की शुरुआत 1990 के दशक में हुई थी, लेकिन यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 2014-2015 के बाद अधिक चर्चित हुआ जब इन्होंने यमन की राजधानी सना पर कब्जा कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *