‘जानवरों की तरह व्यवहार मत कीजिए’, ग्वालियर में चलते शो में भीड़ का हुड़दंग, कैलाश खेर को बीच में ही छोड़ना पड़ा कॉन्सर्ट

Spread the love

कैलाश खेर के म्यूजिक कॉन्सर्ट में बीते रोज खलबली देखने को मिली है। यहां भीड़ ने ऐसा हुड़दंग मचाया कि बीच में ही म्यूजिक कॉन्सर्ट को रोकना पड़ा।

बीते रोज कैलाश खेर का ग्वालियर में आयोजित हुआ म्यूजिक कॉन्सर्ट बीच में ही बंद करना पड़ा। ग्वालियर के मेला मैदान में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती के मौके पर ये कॉन्सर्ट आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम में दिन में गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए थे। इसके बाद शाम को कैलाश खेर का म्यूजिक कॉन्सर्ट था। लेकिन यहां मौजूद भीड़ ने ऐसा हुड़दंग मचाया कि कैलाश खेर को अपना कॉन्सर्ट बीच में ही बंद करना पड़ा। इतना ही नहीं कैलाश खेर को स्टेज से ही लोगों से अपील करनी पड़ी कि कृपया जानवरों की तरह व्यवहार मत कीजिए।

बीच में छोड़ दिया कॉन्सर्ट

यहां कैलाश खेर ने अपने गाने से कुछ समय बाद जब हुड़दंग देखा और लोगों को स्टेज के पास आते देखा तो वे नाराज हो गए। उन्होंने लोगों से अपील की और कहा कि कृपया सभ्यता का परिचय दीजिए। साथ ही सिंगर ने पुलिस से भी आग्रह किया कि वहां स्टेज पर बैठे कलाकारों को सुरक्षा प्रदान की जाए। लेकिन इसका कोई खास असर नहीं हुआ। साथ ही यहां जब लोग कैलाश खेर के पास स्टेज पर आने के लिए बढ़े तो उन्होंने अपने कॉन्सर्ट को बीच में ही बंद कर दिया। ये कार्यक्रम स्वर्गीय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी की जयंती दिवस पर आयोजित किया गया था। इससे पहले दिन में यहां अमित शाह भी इसी जगह पर पहुंचे थे और लोगों से संवाद किया था। यहां दिन में सुचारू रूप से सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली थी। लेकिन कैलाश खेर के म्यूजिक कॉन्सर्ट में इसकी चूक देखने को मिली। 

कैलाश खेर से मिलने उमड़ी थी भीड़

यहां ग्वालियर के मेला मैदान में अपने पसंदीदा सिंगर कैलाश खेर से मिलने के लिए लोगों की भीड़ देखने को मिली थी। पूरा शो हाउसफुल था और लोगों की भीड़ समा नहीं रही थी। वहीं इस कॉन्सर्ट में पहुंचे कुछ लोगों ने स्टेज की तरफ बढ़ने का फैसला किया था जिसके बाद बवाल मचा और शो को बीच में ही रोकना पड़ा। बता दें कि कैलाश खेर अक्सर ही म्यूजिक कॉन्सर्ट में नजर आते हैं और उनके गानों से समां बांधते रहते हैं। लेकिन कभी-कभी भीड़ बेकाबू हो जाती है और कॉन्सर्ट पूरा बिगड़ जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *