Dhanteras do’s and don’ts: इन 4 चीजों का दान भूलकर भी न करें, वरना घर से चली जाएगी लक्ष्मी! जानें धनतेरस पर क्या करें और क्या न करें

Spread the love

Dhanteras 2025: धनतेरस पर खरीदारी और दान दोनों का बड़ा महत्व है, लेकिन कुछ चीजों का दान अशुभ माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इस दिन धन, तेल, लोहे और काले वस्त्रों का दान करने से लक्ष्मी की कृपा कम हो सकती है। जानिए धनतेरस के दिन क्या करें और किन चीजों को करने से बचें।

Dhanteras do’s and don’ts: कार्तिक मास की त्रयोदशी से धनतेरस दिवाली के पांच दिवसीय पर्व की शुरुआत होती है। ऐसे में इस तिथि को बहुत ही शुभ दिन माना जाता है। इसे धनत्रयोदशी भी कहा जाता है। पुराणों के अनुसार, इस दिन समुद्र मंथन से देवी लक्ष्मी और भगवान धनवंतरि प्रकट हुए थे।

इस दिन धन की देवी मां लक्ष्मी और कुबेर की पूजा का विशेष महत्व है। धनतेरस के दिन जहां कुछ चीजों को खरीदना शुभ माना गया है। वहीं, कुछ वस्तुएं ऐसी हैं जिनका दान या खरीदना अशुभ माना गया है। आइए जानते हैं इस शुभ दिन पर क्या करें और क्या न करें।

धनतेरस 2025 की तारीख और शुभ मुहूर्त

इस साल धनतेरस 18 अक्टूबर, शनिवार को मनाई जाएगी। पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष त्रयोदशी तिथि दोपहर 12 बजकर 18 मिनट पर शुरू होकर 19 अक्टूबर दोपहर 1 बजकर 51 मिनट तक रहेगी। उदयातिथि के अनुसार धनतेरस 18 अक्टूबर को ही मनाई जाएगी। शुभ खरीदारी और पूजा का मुहूर्त 18 अक्टूबर दोपहर 12 बजकर 18 मिनट से 19 अक्टूबर दोपहर 1 बजे तक रहेगा।

धनतेरस पर क्या खरीदना चाहिए

धनतेरस के दिन सोना, चांदी, तांबा और पीतल के बर्तन और गहने आदि खरीदना शुभ माना जाता है। ये चीजें घर में धन और समृद्धि का आगमन करती हैं। ऐसी कहा जाता है कि अगर कोई सोना और चांदी जैसी कीमती धातुएं खरीदने में सक्षम नहीं हो, तो इस दिन झाड़ू खरीदना भी शुभ होता है। झाड़ू को मां लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है और धनतेरस के दिन इसे खरीदकर लाने से घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है।

धनतेरस पर इन 4 चीजों का दान करने से बचें

1. पैसे या सिक्कों का दान न करें

धनतेरस धन की देवी मां लक्ष्मी को समर्पित दिन है। यह माना जाता है कि इस दिन पैसा या सिक्के दान करने से धन घर से निकल जाता है। इसलिए इस दिन नकद दान करने से बचें। ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि अगर आपको धन का दान करना ही है, तो इस तिथि से एक दिन पहले या अगले दिन करें।

2. काले वस्त्र या वस्तुएं न दें

काला रंग नकारात्मक ऊर्जा से जुड़ा होता है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, इस दिन काले कपड़े, जूते या बैग किसी को गिफ्ट या दान करना शुभ नहीं माना जाता। इससे घर में कलह और अशांति का माहौल बन सकता है।

3. तेल या घी का दान न करें

धनतेरस और दिवाली दोनों ही रोशनी के पर्व हैं। तेल और घी प्रकाश और समृद्धि के प्रतीक हैं। इन्हें दान करने से घर की चमक और सकारात्मक ऊर्जा कम हो सकती है। इसके बजाय घर में घी या सरसों के तेल के दीपक जलाना शुभ माना जाता है।

4. लोहे या कांच की चीजें किसी को न दें

ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि लोहे का संबंध शनि से और कांच का संबंध राहु से माना जाता है। इस दिन इन वस्तुओं का दान या खरीदना अशुभ होता है। इससे आर्थिक हानि और मानसिक तनाव बढ़ सकता है।

धन की देवी को प्रसन्न रखने के लिए ये करें

  • शाम को यम दीपक और लक्ष्मी पूजन करें।
  • घर की साफ-सफाई पूरी करें और मुख्य द्वार पर दीप जलाएं।
  • लक्ष्मी और कुबेर भगवान की पूजा के समय “श्रीं श्रीं महालक्ष्म्यै नमः” मंत्र का जाप करें।
  • इस दिन खरीदी गई वस्तुओं का उपयोग शुभ कार्यों में करें।

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *