धनुष और कृति सेनन की फिल्म ‘तेरे इश्क में’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं। टीजर देखकर जाहिर हो रहा है कि फिल्म की कहानी दमदार है। यहां देखें टीजर।

धनुष और कृति सेनन की मोस्ट अवेटेड रोमांटिक फिल्म ‘तेरे इश्क में’ का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो चुका है और इसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म एक भावनात्मक प्रेम कहानी है, जिसमें शंकर और मुक्ति नाम के दो किरदारों की कहानी गहराई से बुनी गई। ये एक रोमांटिक ड्रामा है जिसमें लव स्टोरी के साथ ही रिवेंज भी देखने को मिलने वाला है। फिल्म धनुष और कृति सेनन लीड रोल में हैं जो इन किरदारों को निभाते नजर आएंगे। 1 अक्टूबर 2025 को निर्माताओं ने फिल्म का ट्रेलर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया है, जिसे लगातार देखा जा रहा है।
लोगों को पसंद आ रहा है टीजर
मेकर्स ने ट्रेलर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘इश्क करते तो बहुत हैं, अब तेरे इश्क में मिटने की तैयारी है… शंकर और मुक्ति की भव्य दुनिया में आपका स्वागत है, 28 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में, हिंदी और तमिल में।’ इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स की जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली। एक यूजर ने लिखा, ‘क्या धमाकेदार टीजर है!!!’, जबकि दूसरे ने कमेंट किया, ‘दो नेशनल अवार्ड विनर एक साथ स्क्रीन पर… अभी से रोंगटे खड़े हो गए।’ इंस्टाग्राम पर ट्रेलर को अब तक लाखों व्यूज और 8000 से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं, जो दर्शकों की उत्सुकता और फिल्म की अपील को साफ दर्शाता है।
ट्रेलर की झलक
टीजर की शुरुआत होती है मुक्ति (कृति सेनन) की हल्दी सेरेमनी से। यह दृश्य सुखद है, लेकिन तुरंत ही माहौल बदल जाता है जब घायल और भावनात्मक रूप में शंकर (धनुष) की एंट्री होती है। एक गूंजती हुई आवाज में वॉइसओवर सुनाई देता है, ‘मैं अपने पिता का अंतिम संस्कार करने बनारस गया था। सोचा कि तुम्हारे लिए कुछ पवित्र गंगाजल ले आऊं। तुम एक नई जिंदगी शुरू करने वाले हो, कम से कम अपने पुराने पाप तो धो लो।’ इसके बाद शंकर का किरदार एक और दमदार संवाद कहता है, ‘शंकर तुम्हें एक बेटा दे। तब तुम समझोगे कि जो प्यार के लिए मरते हैं, वे भी किसी के बेटे होते हैं।’ इस तरह ट्रेलर में दर्द, मोहब्बत और प्रतिशोध की झलक मिलती है, जो फिल्म को एक इमोशनल रोलर कोस्टर बनाता है।
फिल्म की रिलीज डेट और अन्य विवरण
आनंद एल राय के निर्देशन में बनी ‘तेरे इश्क में’ 28 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म हिंदी और तमिल दोनों भाषाओं में रिलीज की जाएगी, जिससे यह देशभर के दर्शकों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। फिल्म का निर्माण आनंद एल राय, भूषण कुमार, कृष्ण कुमार और हिमांशु शर्मा ने मिलकर किया है, और यह टी-सीरीज के बैनर तले बनी है। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता ए आर रहमान ने संभाली है, जिससे दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।