बदल-बदलकर लगाएं दाल में तड़का, हर बार खाने में आएगा अलग स्वाद, जानिए दाल तड़का की 5 रेसिपी

Spread the love

Dal Tadka 5 Amazing Recipes: दाल का स्वाद तड़का से बदल जाता है। अगर आप एक तरह से ही दाल में रोज तड़का लगाकर खाते हैं और बोर हो गए हैं तो दाल में तड़का लगाने के ये 5 नए तरीके जरूर अपनाएं।

खाने में अगर दाल चावल न हों तो थाली अधूरी सी लगती है। सूखी सब्जी के साथ भी लोग दाल खाना पसंद करते हैं। रोजाना 1-2 कटोरी दाल खाना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है। हालांकि आपको बदल-बदलकर सारी दालों का इस्तेमाल करना चाहिए। दाल न सिर्फ सेहत के लिए फायदेमंद होती है बल्कि इससे खाने का मजा भी दोगुना हो जाता है। अगर आप दाल खाकर बोर हो गए हैं तो अलग-अलग तरीके से दाल में तड़का लगाकर खाएं। दाल का तड़का स्वाद बदल देगा। आज हम आपको दाल में 5 तरह से तड़का लगाने की रेसिपी बता रहे हैं। इस तरह दाल खाने में आपको खूब स्वाद आएगा। फटाफट जान लें दाल में तड़का लगाने की 5 रेसिपी क्या हैं?

दाल में तड़का लगाने की 5 अलग रेसिपी

प्याज टमाटर का तड़का- अरहर की दाल हो या चना दाल और धुली मसूर की दाल हो इनमें प्याज, टमाटर का तड़का बहुत अच्छा लगता है। एक पैन में 3-4 चम्मच देसी घी डालें। इसमें हींग और जीरा डालें। ऊपर से बारीक कटा प्याज डालकर भून लें। अब टमाटर डालकर गलने तक पकाएं। इसमें ऊपर से थोड़ा लाल मिर्च का पाउडर और हरी मिर्च डालकर उबली हुई दाल में डाल दें।

राई और करी पत्ता का तड़का- दाल में राई और करी पत्ता का तड़का भी बहुत टेस्टी लगता है। इसके लिए दाल को उबालते वक्त ही टमाटर, हल्दी और नमक डाल दें। अब दाल को पका लें। तड़का बनाने के लिए पैन में 2 चम्मच सरसों का तेल गर्म करें। इसमें राई और जीरा मिक्स करके डालें। हरी मिर्च, करी पत्ता डालें और थोड़ा सांभर मसाला डालें। इस तड़के को दाल में डाल दें।

साबुत लाल मिर्च का तड़का- दाल में खड़ी लाल मिर्च का तड़का अलग ही स्वाद देता है। इसके लिए दाल को नमक और हल्दी डालकर उबाल लें। आप चाहें तो इसमें प्याज और टमाटर भी डाल सकते हैं। ऊपर से इसमें देसी घी जीरा, हींग, लहसुन और साबुत मिर्च का तड़का लगाकर खाएं।

लौंग का तड़का- मूंग की दाल को सिंपल बनाकर खाएंगे तो स्वाद अच्छा लगेगा। दाल को नमक और हल्दी डालकर उबाल लें। दाल अच्छी घुली होनी चाहिए। इसमें ऊपर से देसी घी, हींग जीरा और 2 लौंग को कूटकर डाल दें। थोड़ी पिसी लाल मिर्च डालते ही तड़का दाल में डालें और गर्मागरम खाएं।

अदरक लहसुन वाला तड़का- दाल में सिर्फ अदरक लहसुन का तड़का भी टेस्ट चेंज करने के लिए काफी है। इसके लिए किसी भी दाल को उबाल लें। अदरक और लहसुन का बारीक काट लें या कद्दूकस कर लें। अब पैन में घी, जीरा और हींग डालें। हरी मिर्च डालते ही अदरक लहसुन डाल दें। इस तड़के को दाल में डालकर खाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *