बैक-टू-बैक फ्लॉप देने के बाद इस एक्टर ने फिल्मों और अभिनय की दुनिया छोड़ने का मन बना लिया था और बोरिया बिस्तर बांधकर अपने शहर जाने ही वाला था, तभी इसकी झोली में एक ऐसी फिल्म आ गिरी, जिसने इसे हिंदी सिनेमा का नया सुपरस्टार बना दिया।

बॉलीवुड और साउथ सिनेमा में कई ऐसी फिल्में है, जिन्हें एक एक्टर ने ठुकरा दी तो दूसरे के हाथ लगते ही उसकी किस्मत खुल गई। लेकिन, क्या आप उस ब्लॉकबस्टर के बारे में जानते हैं, जिसे एक नहीं बल्कि 4 सुपरस्टार्स ने ठोकर मार दी, जिसके बाद ये फिल्म एक फ्लॉप एक्टर के पास पहुंच गई। बैक-टू-बैक फ्लॉप दे रहे इस एक्टर ने इस फिल्म के लिए हामी भरी और इसी एक फिल्म ने इसे इंडस्ट्री का नया सुपरस्टार बना दिया। 90 लाख में बनी ये फिल्म 1973 में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर इसने 17 करोड़ का कलेक्शन किया था। ये एक एक्शन फिल्म थी, जिसने उन दिनों खूब सुर्खियां बटोरी थी। हम बात कर रहे हैं अमिताभ बच्चन स्टारर ‘जंजीर’ की, जो उनसे पहले उस दौर के 5 बड़े स्टार्स को ऑफर हो चुकी थी और चारों ने इसे ठोकर मार दी थी।
अमिताभ बच्चन की पलटी किस्मत
70 के दशक में बनी ‘जंजीर’ में अमिताभ बच्चन लीड हीरो के रोल में नजर आए थे। इस फिल्म ने ना सिर्फ अमिताभ बच्चन को एंग्री यंग मैन के रूप में पेश किया, बल्कि उस दौर का एक बड़ा स्टार बनाने में भी सबसे अहम भूमिका निभाई। इस फिल्म की कहानी सलीम खान और जावेद अख्तर की जोड़ी ने मिलकर लिखी थी। लेकिन, ये बात और है कि महानायक अमिताभ बच्चन इस फिल्म के लिए मेकर्स की पहली पसंद नहीं थे। प्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनी जंजीर जब अमिताभ बच्चन को ऑफर हुई, वह फ्लॉप फिल्मों की झड़ी लगा चुके थे और इंडस्ट्री छोड़कर जाने की योजना में थे।
जब इंडस्ट्री छोड़ जाने वाले थे अमिताभ बच्चन
अमिताभ बच्चन ने 1969 में ‘सात हिंदुस्तानी’ से डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने लगातार 11 फ्लॉप फिल्में दीं, जिसके चलते उन्हें कई फिल्मों से हाथ धोना पड़ गया। अपनी लगातार फ्लॉप होती फिल्मों को देखने के बाद अमिताभ बच्चन ने इलाहाबाद (अब प्रयागराज) जाने का मन बना लिया, लेकिन तभी उन्हें जंजीर ऑफर हुई। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन को कास्ट किए जाने को लेकर जावेद अख्तर और सलीम खान को मेकर्स के खिलाफ जाना पड़ा और इस बात का खुलासा खुद जावेद अख्तर ने किया था। जैसे ही ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई, दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी और देखते ही देखते हिंदी सिनेमा को इसका सबसे बड़ा सितारा मिल गया।
5 स्टार रिजेक्ट कर चुके थे फिल्म
अमिताभ बच्चन से पहले ये फिल्म उस दौर के चार बड़े स्टार्स को ऑफर की गई थी। मेकर्स ने जंजीर के लिए धर्मेंद्र, राजेश खन्ना, राज कुमार, दिलीप कुमार और देव आनंद को ऑफर हुई थी, लेकिन एक तरफ जहां धर्मेंद्र ने अपनी एक कजिन सिस्टर के कहने पर ये फिल्म छोड़ दी तो वहीं अन्य स्टार्स को विजय के किरदार में कोई ना कोई कमी नजर आई और सभी ने फिल्म ठुकरा दी, जिसके बाद ये फिल्म आखिरकार अमिताभ बच्चन को ऑफर हुई। जब सलीम-जावेद ने बिग बी इस फिल्म के लिए संपर्क किया, तब वह खाली थे, उनके पास कोई फिल्म नहीं थी। ऐसे में उन्होंने तुरंत उनसे मिलने का फैसला किया और फिल्म के लिए हामी भर दी और जब ये फिल्म रिलीज हुई तो कल्ट साबित हुई और अमिताभ बच्चन के सितारे हमेशा-हमेशा के लिए चमक उठी।