पीएम मोदी ने भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की है। उन्होंने नितिन नबीन को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई भी दी।

नई दिल्ली: भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने आज पीएम मोदी से मुलाकात की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है। पीएम मोदी ने इसकी तस्वीरें भी शेयर कीं। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि आज नितिन नबीन से मुलाकात की और उन्हें उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि हम सभी मिलकर जनता की आकांक्षाओं तो पूरा करने के लिए काम करेंगे। बता दें कि नितिन नबीन को हाल ही में भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। गृहमंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा के सामने नितिन नबीन ने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पद ग्रहण किया।
पीएम ने नितिन नबीन को दी बधाई
पीएम मोदी ने नितिन नबीन से मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर दी। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “मैंने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन जी से मुलाकात की। मैंने उन्हें उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के उनके प्रयासों में सफलता की कामना की। मुझे विश्वास है कि उनका संगठनात्मक और प्रशासनिक अनुभव हमारी पार्टी के लिए एक बहुमूल्य संपत्ति साबित होगा, क्योंकि हम सभी मिलकर जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए काम करेंगे।”
‘नया दायित्व पार्टी का आशीर्वाद’
इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि यह नया दायित्व पार्टी का आशीर्वाद है और उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने दिवंगत पिता एवं भाजपा के पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने हमेशा अपने पिता के विचारों पर काम किया है, जो पार्टी को अपनी मां मानते थे और राष्ट्र को सर्वोपरि रखते थे। मेरा मानना है कि इसी कारण पार्टी ने मुझे यह अवसर देकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ काम जारी रखने का आशीर्वाद दिया है।’’