IND vs WI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2 अक्टूबर से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी, जिसको लेकर दोनों टीमों के स्क्वाड का ऐलान किया जा चुका है। वेस्टइंडीज को टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले तेज गेंदबाज शमर जोसेफ के तौर पर बड़ा झटका लगा है

भारतीय टीम 2 अक्टूबर से शुभमन गिल की कप्तानी में घर पर वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी, जिसको लेकर मेहमान टीम ने जहां अपनी स्क्वाड का ऐलान पहले ही कर दिया था, वहीं टीम इंडिया की भी स्क्वाड का ऐलान 25 सितंबर को कर दिया गया। इस टेस्ट सीरीज के शुरू होने से पहले वेस्टइंडीज टीम को एक बड़ा झटका उनके मैच विनर तेज गेंदबाज शमर जोसेफ के रूप में लगा है जो दौरा शुरू होने से पहले ही चोटिल होने के चलते बाहर हो गए हैं।
इंजरी को लेकर विंडीज क्रिकेट ने दिया अपडेट
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम 24 सितंबर को 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने के लिए भारत पहुंच गई है, जिसमें वह 27 सितंबर से अहमदाबाद के स्टेडियम में अपनी प्रैक्टिस शुरू करेगी। वहीं शमर जोसेफ के बाहर होने को लेकर क्रिकेट वेस्टइंडीज की तरफ से अपडेट दिया गया जिसमें उन्होंने ट्वीट करने उनके चोटिल होने की जानकारी दी, हालांकि इस इंजरी को लेकर अधिक खुलासा नहीं किया गया। शमर जोसेफ की चोट को लेकर अभी जांच की जाएगी ताकि वह इस साल के आखिर में होने वाली बांग्लादेश के खिलाफ लिमिटेड ओवर्स सीरीज से पहले वापसी कर सके। वहीं वेस्टइंडीज क्रिकेट ने रिप्लेसमेंट का भी ऐलान कर दिया है, जिसमें अनकैप्ड खिलाड़ी जोहान लायने को जगह मिली है।
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम का अपडेटेड स्क्वाड
रोस्टन चेज (कप्तान), जोमेल वार्रिकन, केवलन एंडरसन, एलिक अथानजे, जॉन कैंपबेल, टेगेनारिन चंद्रपॉल, जस्टिन ग्रीव्स, शाई होप, टेविन इमलाच, जोहान लेने, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, एंडरसन फिलिप, खारी पियरे, जायडन सील्स।
अब तक ऐसा रहा है वेस्टइंडीज का भारत में टेस्ट रिकॉर्ड
भारत में वेस्टइंडीज का टेस्ट क्रिकेट में रिकॉर्ड देखा जाए तो उसमें अभी तक उन्होंने यहां पर 47 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 14 में जहां उन्हें जीत हासिल हुई है तो वहीं 13 मुकाबलों में विंडीज टीम को हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा 20 मैच ड्रॉ पर खत्म हुए हैं। हालांकि वेस्टइंडीज टीम का टेस्ट क्रिकेट में हालिया फॉर्म देखा जाए तो उनके लिए ये सीरीज आसान नहीं रहने वाली है, जिसमें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के चौथे संस्करण में उनकी ये दूसरी सीरीज होगी।