Ashes 2025: दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हुआ घातक गेंदबाज, कप्तान की वापसी पर आया बड़ा अपडेट

Spread the love

4 दिसंबर से ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच खेला जाएगा। इस मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया के खेमे से एक बड़ी खबर सामने आई है।

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला ब्रिस्बेन के गाबा में खेला जाएगा। इस टेस्ट मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया के खेमे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड चोट की वजह से दूसरे टेस्ट मैच से भी बाहर रहेंगे। वहीं ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस वापसी करने के लिए इन दिनों कड़ी मेहनत कर रहे हैं और उम्मीद है कि वह दूसरे टेस्ट मैच में खेलेंगे। दूसरे टेस्ट मैच की शुरुआत 4 दिसंबर से होगी।

जोश हेजलवुड को लेकर ऑस्ट्रेलिया के कोच ने दिया बड़ा बयान

हेजलवुड हैमस्ट्रिंग की चोट की वजह से पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट से बाहर हो गए थे। उन्हें ये चोट शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट में मैच खेलने के दौरान लगी थी। ऐसा माना जा रहा है कि वह अपना रिहैब जारी रखने के लिए ब्रिस्बेन में टीम के साथ जुड़ेंगे और कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड को उम्मीद है कि वह बचे हुए तीन मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे। मैकडोनाल्ड ने कहा कि हेजलवुड अपने रिहैब पर काम कर रहा है। मुझे नहीं लगता कि हमें इस पर कोई अपडेट देने की जरूरत है। एक बार जब वह ठीक हो जाएगा तब हम बता पाएंगे कि वह कब मैदान पर वापसी करेंगे। हमें उम्मीद है कि इस सीरीज के बचे हुए मैचों के लिए वह उपलब्ध रहेंगे।

पैट कमिंस की वापसी पर आया बड़ा अपडेट

पैट कमिंस की बात करें तो वो भी इन दिनों नेट्स में लगातार गेंदबाजी कर रहे हैं। उम्मीद है कि वह दूसरे टेस्ट मैच में वापसी करेंगे। उनको लेकर हेड कोच ने कहा कि यह बाद में तय होगा कि वह ब्रिस्बेन में डे-नाइट टेस्ट खेलेंगे या नहीं। अगर कमिंस वापस आते हैं और दूसरा टेस्ट पूरे पांच दिन चलता है तो एडिलेड में होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए आठ दिन का गैप होगा। मैकडोनाल्ड ने कहा कि एक बार जब हम उसे दोबारा देखेंगे, तो हम अंदाजा लगा पाएंगे कि वह कितना फिट है। ऐसा लग रहा था कि वह अपने रिहैबिलिटेशन के पूरा होने के करीब है। उम्मीद है कि वह जल्द ही पूरी इंटेंसिटी के साथ गेंदबाजी करेंगे।

पहले टेस्ट में स्टार्क ने की थी शानदार गेंदबाजी

कमिंस और हेजलवुड की गैरमौजूदगी में मिचेल स्टार्क ने पहले टेस्ट मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 विकेट हासिल किए थे। स्कॉट बोलैंड ने पहले दिन के खराब प्रदर्शन के बाद वापसी की। उन्होंने दूसरी पारी में 4 विकेट झटके। जबकि डेब्यू कर रहे ब्रेंडन डॉगेट ने दोनों पारियों को मिलाकर 5 विकेट अपने नाम किए। अब दूसरे टेस्ट मैच में ये सभी गेंदबाज कैसा प्रदर्शन करते हैं ये देखना दिलचस्प होगा। दूसरे टेस्ट से पहले कैनबेरा में इंग्लैंड और प्राइम मिनिस्टर XI के बीच दो दिन का वार्म अप मैच खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *