2005 में रिलीज हुई ‘गरम मसाला’ में अक्षय कुमार और जॉन अब्राहहम साथ नजर आए थे और बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म सफल साबित हुई थी। लेकिन, ये फिल्म एक अफवाह को लेकर भी काफी चर्चा में रही और वो अफवाह ये थी कि फिल्म में अक्षय ने जॉन के रोल पर कैंची चलवा दी थी।

अक्षय कुमार और जॉन अब्राहम बॉलीवुड के 2 टॉप एक्शन स्टार हैं, जिन्होंने साथ में साथ में ‘ढिशूम’, ‘देसी बॉयज’ और ‘हाउसफुल 2’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। दोनों की जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आती है। जब भी दोनों साथ होते हैं, दर्शकों का खूब एंटरटेनमेंट करते हैं। 2005 में रिलीज हुई ‘गरम मसाला’ में भी अक्षय और जॉन साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आए। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई थी, लेकिन इस फिल्म को लेकर एक अफवाह भी एक समय पर जोरों पर थी। अफवाह ये थी कि अक्षय कुमार ने गरम मसाला में को-स्टार जॉन अब्राहम का रोल कट करवा दिया था। अब इन अफवाहों पर खुद प्रियदर्शन ने खुलकर बात की और इसके पीछे का सच भी बता दिया है।
प्रियदर्शन ने अक्षय कुमार की कॉमिक टाइमिंग की तारीफ की
टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में प्रियदर्शन ने अक्षय कुमार की परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ की। प्रियदर्शन ने अक्षय के साथ भागम भाग, गरम मसाला और हेरा फेरी जैसी हिट फिल्में दी हैं। उन्होंने गरम मसाला के बारे में बात करते हुए कहा- वो इतने मजेदार थे, कि हंसी से लोटपोट कर दें। हेरा फेरी के बाद उन्होंने फिर मेरे डायरेक्शन में अपनी कॉमिक टाइमिंग दिखाई और उनका ये अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया। मुझे लगता है कि गरम मसाला में भी अक्षय की कॉमिक टाइमिंग हेरा फेरी जितनी ही शानदार थी।
क्या अक्षय ने कटवाया था जॉन अब्राहम का रोल?
प्रियदर्शन से जब पूछा गया कि क्या सुपरस्टार ने गरम मसाला में जॉन अब्राहम के रोल पर कैंची चलवाई थी, ताकि उन्हें ज्यादा स्क्रीन स्पेस मिल सके? तो जवाब में प्रियदर्शन ने इन सभी अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा- ‘ये सब सिर्फ और सिर्फ बकवास है। क्या आपको ऐसा लगता है कि अक्षय को किसी से भी इनसिक्योर होने की जरूरत है? ये अफवाहें उन लोगों ने फैलाई हैं जो उनसे जलते हैं और उनकी इमेज खराब करना चाहते हैं। अक्षय इंडस्ट्री में अपनी कड़ी मेहनत, टैलेंट और ईमानदारी की वजह से इतने समय तक टिके रहे हैं।’
प्रियदर्शन की इन फिल्मों में नजर आएंगे अक्षय कुमार
बता दें अक्षय कुमार एक बार फिर प्रियदर्शन की फिल्मों में नजर आने वाले हैं। सुपरस्टार, प्रियदर्शन की ‘हैवान’ और ‘हेरा फेरी 3’ में नजर आएंगे। हैवान में जहां अक्षय के साथ सैफ अली खान भी मुख्य भूमिका में होंगे, वहीं हेरा फेरी 3 में उनके साथ सुनील शेट्टी और परेश रावल मुख्य भूमिका में होंगे, जो इस फ्रेंचाइजी की पहली दो फिल्मों का भी हिस्सा थे। इसके अलावा अक्षय ‘भूत बंगला’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ जैसी फिल्मों में भी नजर आने वाले हैं, जिनका फैंस को बेसब्री से इंतजार है।