बांग्लादेश में हिंदू शख्स को जिंदा जलाने की घटना ने बॉलीवुड को भी हिला दिया है और सितारे सामने आकर अपनी राय लोगों के बीच रख रहे हैं। जाह्नवी कपूर, मनोज जोशी और काजल अग्रवाल जैसे सितारों ने अपनी आवाज बुलंद की है।

सीनियर अभिनेता मनोज जोशी ने बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा पर बॉलीवुड की चुप्पी को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के दोहरे रवैये की ओर इशारा करते हुए कहा कि कुछ अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर लोग खुलकर प्रतिक्रिया देते हैं, लेकिन पड़ोसी देश में अल्पसंख्यकों पर हो रही घटनाओं पर ज्यादातर लोग खामोश रहते हैं। इस मुद्दे पर काजल अग्रवाल, जाह्नवी कपूर और जया प्रदा ने भी अपनी नाराजगी जताई है। सितारों की ये प्रतिक्रियाएं सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और लोग इस पर अपना पक्ष रख रहे हैं।
मनोज जोशी ने क्या कहा
मनोज जोशी ने बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब गाजा या फिलिस्तीन में कोई घटना होती है, तो कई लोग तुरंत सामने आते हैं, लेकिन बांग्लादेश में एक हिंदू की मौत पर बहुत कम लोग आवाज उठाते हैं। ANI से बातचीत में उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि समय ही बताएगा कि सच्चाई क्या है।
जाह्नवी कपूर का बयान
क्रिसमस की पूर्व संध्या पर जाह्नवी कपूर ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट साझा किया। उन्होंने बांग्लादेश में हुई घटना को अमानवीय बताते हुए लोगों से अपील की कि वे इस मुद्दे को नजरअंदाज न करें, बल्कि इसके बारे में जानकारी लें और सवाल पूछें। जाह्नवी ने लिखा कि किसी भी तरह की हिंसा और कट्टरता का विरोध जरूरी है, वरना समाज अपनी इंसानियत खो देगा। सोशल मीडिया पर उनकी इस पोस्ट की काफी सराहना हो रही है।
जया प्रदा ने क्या कहा
पूर्व सांसद और अभिनेत्री जया प्रदा ने भी बांग्लादेश में हुई हिंसा पर गहरा दुख जताया। PTI से बातचीत में उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं बेहद पीड़ादायक हैं और किसी भी सभ्य समाज में इनके लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इस मामले में न्याय की मांग की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। यह पूरा मामला बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले में 27 वर्षीय दीपू चंद्र दास की मौत से जुड़ा है, जिसने देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। इस घटना के बाद बांग्लादेश और भारत, दोनों जगह लोगों ने नाराजगी जताई और विरोध दर्ज कराया।
काजल अग्रवाल का पोस्ट
काजल अग्रवाल ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्टर शेयर करते हुए अपनी भावनाएं जाहिर की हैं। उन्होंने इस क्रूर घटना को संबोधित करने की की कोशिश की है। उन्होंने इस पोस्टर के साथ लिखा, ‘जागो हिंदुओं। चुप्पी आपको नहीं बचाएगी। साथ में लिखा है, हिंदुओं पर सबकी नजरें हैं।’
क्या है पूरा मामला?
घटना के बाद भारत ने कथित रूप से बढ़ती भारत-विरोधी गतिविधियों को लेकर बांग्लादेश के हाई कमिश्नर को तलब किया। वहीं बांग्लादेशी अधिकारियों की रिपोर्ट में बाद में यह कहा गया कि दीपू चंद्र दास पर लगाए गए आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं मिले। अंतरिम सरकार की ओर से एक प्रतिनिधि ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना जताई और सहायता का आश्वासन दिया। इसी बीच, मैमनसिंह जिले से एक और हिंसा की खबर सामने आई है, जिसने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर चिंताओं को और गहरा कर दिया है।