Goa Zilla Panchayat Election Results: गोवा जिला पंचायत चुनाव 2025 के नतीजे सामने आ गए हैं। चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत हुई है। भाजपा की जीत पर पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर के बधाई दी है।

गोवा में जिला पंचायत चुनाव 2025 के नतीजे सोमवार 22 दिसंबर को सामने आ गए हैं। इस चुनाव में भाजपा को बड़ी जीत हासिल हुई है। तो वहीं, कांग्रेस की करारी हार हुई है। 50 सीटों के लिए हुए गोवा जिला पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 29 सीटों पर जीत हासिल हुई है। वहीं, कांग्रेस सिर्फ 10 सीटों पर सिमट गई है। गोवा में भाजपा को मिली इस जीत पर पीएम मोदी भी गदगद हैं। पीएम मोदी ने भाजपा को इस जीत के लिए बधाई दी है।
गोवा जिला पंचायत चुनाव परिणाम
कुल सीटें: 50/50
- बीजेपी: 29
- एमजीपी: 3
- कांग्रेस: 10
- जीएफपी: 1
- आप: 1
- आरजीपी: 2
- निर्दलीय: 4
गोवा में बीजेपी नंबर 1- मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा- “गोवा में बीजेपी नंबर 1! गोवा, भाजपा पर भरोसा करने और हमें प्रचंड जीत का आशीर्वाद देने के लिए धन्यवाद! भाजपा-एमजीपी (एनडीए) गठबंधन के सभी नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को हार्दिक बधाई। यह मजबूत जनादेश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार में लोगों के विश्वास को दर्शाता है। मैं हमारे समर्पित कार्यकर्ताओं की भी सराहना करता हूं। मुझे विश्वास है कि भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन सर्वांगीण विकास को गति देगा, पारदर्शी और जवाबदेह शासन को मजबूत करेगा और विकसित गोवा और विकसित भारत की दिशा में काम करेगा।”