अंडर 19 एशिया कप में भारतीय टीम को फाइनल में करारी हार मिली थी, इसको लेकर बीसीसीआई की ओर से जवाब मांगा जा सकता है।

टी20 वर्ल्ड कप तो अगले साल फरवरी से खेला जाएगा। इसके लिए भारतीय टीम का ऐलान बीसीसीआई की ओर से कर दिया गया है। लेकिन इससे पहले अंडर 19 का वर्ल्ड कप होगा, जो इस बार वनडे फॉर्मेट पर खेला जाएगा। ये विश्व कप जनवरी में होगा और भारतीय टीम का ऐलान इसके लिए नहीं किया है। हाल ही में अंडर 19 एशिया कप खेला गया था, उसके फाइनल में टीम इंडिया को एक करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इसके बाद बीसीसीआई सख्त रुख अपना सकता है और जवाब भी मांगा जा सकता है।
फाइनल में हारी थी भारतीय टीम, खुल गई खिलाड़ियों की पोल
अंडर 19 भारतीय टीम ने एशिया कप के दौरान फाइनल से पहले तक लगातार अच्छा प्रदर्शन किया था। ऐसा लग रहा था कि टीम एशिया कप का खिताब फिर से अपने नाम करने में कामयाब हो जाएगी, लेकिन फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया हार गई। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तानी टीम ने 50 ओवर में 347 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया, इससे गेंदबाजों की पोल खुलकर सामने आ गई। इसके बाद जब भारत की बल्लेबाजी शुरू हुई तो पूरी टीम केवल 156 रन ही बना सकी। यानी बल्लेबज भी एक के एक कर आउट होते चले गए। हाल ये था कि पहले 6 विकेट तो केवल 50 रन पर ही गिर गए थे और वहीं से भारतीय टीम मैच हार गई थी।
जनवरी से खेला जाएगा अंडर 19 विश्व कप
इस बीच 15 जनवरी से अंडर 19 का वनडे विश्व कप खेला जाएगा। इसमें काफी कम दिन का वक्त बचा है। जल्द ही टीम इंडिया का ऐलान इसके लिए होना है, इससे पहले बीसीसीआई की ओर से इस हार की समीक्षा के लिए एक बैठक का आयोजन किया जा सकता है। क्रिकबज की रिपोर्ट में कहा गया है कि 22 दिसंबर को एपेक्स काउंसिल की बैठक हुई थी, इसमें भारतीय टीम के प्रदर्शन की समीक्षा करने की बात पर सहमति बनी। रिपोर्ट में कहा गया है कि टीम मैनेजमेंट से फाइनल में मिली हार का स्पष्टीकरण मांगा जा सकता है। पता चला है कि टीम के हेड कोच ऋषिकेश कनितकर और कप्तान आयुष म्हात्रे से भी बीसीसीआई की ओर से बात की जाएगी।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मैच खेलेगी भारतीय टीम
अंडर 19 विश्व कप अब ज्यादा दूर नहीं है, इसलिए जल्द से जल्द समीक्षा के बाद टीम का ऐलान किया जा सकता है। इस विश्व कप से पहले भारतीय टीम साउथ अफ्रीका का दौरा करेगी, जहां तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे, ताकि टीम की तैयारी हो सके। माना जा रहा है कि साउथ अफ्रीका सीरीज और वनडे विश्व कप के दौरान एक ही टीम रहेगी, इसमें ज्यादा बदलाव नहीं किया जाएगा। लेकिन सवाल यही रहेगा कि एशिया कप के कितने खिलाड़ी विश्व कप की टीम में रहेंगे।