जब नितिन नबीन को स्टेज पर ही आया फोन कॉल, हाईकमान के फैसले से थे अनजान, साथ में थे सम्राट चौधरी

Spread the love

नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया है। नितिन नबीन को जब इस बात की सूचना मिली उस वक्त वह सम्राट चौधरी के साथ स्टेज पर थे। आइए जानते हैं कि उस वक्त क्या हुआ।

भारतीय जनता पार्टी को नया कार्यकारी अध्यक्ष मिल गया है। पार्टी ने 45 साल के नितिन नबीन को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन आज दिल्ली पहुंच गए हैं। दिल्ली एयर पोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया है। एयरपोर्ट से नितिन नबीन सीधे बीजेपी मुख्यालय पहुंचे जहां उनका स्वागत किया गया है। लेकिन क्या आपको पता हैं कि जब भाजपा ने नितिन नबीन को नया कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना तब वह कहां थे। ये मैसेज जब नितिन नबीन तक पहुंचा तब वह क्या कर रहे थे उनका रिएक्शन क्या था। आइए जानते हैं।

क्या कर रहे थे नितिन नबीन?

नितिन नबीन कल पटना में अपने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह आयोजित कर रहे थे उसी समय उनके फोन पर कॉल आया था। उनके बगल में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी थे। स्टेज पर शोर बहुत अधिक था। नितिन नवीन ने माइक वाले से साउंड कम करने को कहा और स्टेज के पीछे बातचीत करने चले गए। करीब 15 मिनट बाद जब वे वापस आये तो सम्राट चौधरी को जानकारी दी।

तुरंत अपने आवास के लिए निकल गए नितिन नबीन

नितिन नबीन ने अपने कुछ स्टाफ को वहीं पर कहा कि 4.30 बजे कार्यकर्ताओं को पार्टी कार्यालय पहुंचने का मैसेज दें और थोड़ी देर बाद वे वहां से निकल गए। आम तौर पर ऐसे किसी कार्यक्रम मे नितिन अंतिम समय तक रुके रहते हैं, कार्यकर्ताओं के साथ भोजन करते हैं लेकिन कल खबर इतनी बड़ी थी कि नितिन तुरंत वहां से अपने आवास के लिए निकल गए।

नितिन नबीन क्यों बने पार्टी की पसंद?

भाजपा द्वारा 5 बार के  विधायक और तीन बार मंत्री रहे बिहार के नितिन नवीन को तत्काल प्रभाव से पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त करके ये मैसेज देने की कोशिश की गई है कि अब पार्टी में जेनरेशन नेक्स्ट की बारी है। नितिन नबीन को बधाई देने का सिलसिला जारी है। दिल्ली रवाना होने से पहले नितिन नबीन ने इंडिया टीवी से बातचीत में कहा कि ये बीजेपी की खूबसूरती है कि कार्यकर्ता किसी भी मुकाम तक पहुंच सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *