टीम इंडिया के नए वनडे कप्तान ​ने फिर दिया गच्चा, मुश्किल में छोड़ गए टीम का साथ

Spread the love

गुवाहाटी में जब भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चौथे दिन का खेल खत्म हुआ, तब तक भारतीय टीम दो विकेट गवां चुकी थी। इसमें यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल के नाम शामिल हैं।

India vs South Africa: साउथ अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दौरान टीम इंडिया बुरी तरह से फंसी हुई है। जीत की बात तो दूर की है, यहां तो ड्रॉ के भी लाले पड़े हुए हैं। सबसे टेंशन वाली बात ये है कि जब चौथे दिन का खेल खत्म हु​आ, तब तक भारत के दूसरी पारी में भी दो विकेट गिर चुके थे। यानी अब हार को बचाना करीब करीब असंभव सा नजर आ रहा है। अब मैच का केवल एक ही दिन बाकी है। इस बीच टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज ने भी टीम साथ बीच मझधार में छोड़ दिया है।

साउथ अफ्रीका ने भारत के सामने रखा 549 रनों का लक्ष्य 

भारतीय टीम को जब गुवाहाटी टेस्ट के चौथे दिन साउथ अफ्रीका ने 549 रनों का टारगेट दिया तो सबसे ज्यादा उम्मीद केएल राहुल से थीं। क्योंकि मौजूदा टीम इंडिया में केवल राहुल ही ऐसे बल्लेबाज हैं, जो रुककर बल्लेबाजी कर सकते हैं और विरोधी टीम के सामने दीवार बनकर खड़े हो सकते हैं। लेकिन इससे पहले कि वे कुछ कर पाते, आउट होकर पवेलियन चले गए। उनके बल्ले से केवल छह ही रन बने। खास बात ये है कि इसी सीरीज में उनकी नाकामी का हाल ये है कि अब उनका टेस्ट में औसत भी 36 के नीचे चला गया है। जो टॉप आर्डर के बल्लेबाज के सामने कतई अच्छा नहीं लगता। 

केएल राहुल करेंगे वनडे सीरीज में टीम इंडिया की कप्तानी

केएल राहुल एक कूल माइंड प्लेयर हैं, उनसे उम्मीद की जा सकती है कि वे धीरे धीरे रन बनाते रहेंगे और दूसरी ओर से बल्लेबाज आउट भी हो जाएंगे तो भी एक छोर तो कम से राहुल थामे रहेंगे, लेकिन उनसे ये काम भी नहीं हुआ। इसके बाद अब जब भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज खेली जाएगी तो उसमें केएल राहुल कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। अपनी गर्दन की चोट के कारण शुभमन गिल वनडे सीरीज से बाहर हैं, इसलिए राहुल को ये जिम्मेदारी दी गई है। 

भारत ने केवल 27 रन पर खो दिए दो विकेट

मुकाबले की बात करें तो हमने आपको पहले ही बताया कि टीम इंडिया के सामने साउथ अफ्रीका ने 549 रनों का लक्ष्य रखा है। जब चौथे दिन का खेल खत्म हुआ, तब तक टीम इंडिया ने दो विकेट के नुकसान 27 रन बना लिए हैं। पहले यशस्वी जायसवाल 13 रन बनाकर आउट हुए और इसके बाद केएल राहुल भी चलते बने। यानी साउथ अफ्रीका ने भारत की सलामी जोड़ी को वापस भेज दिया है। साई सुदर्शन तीसरे नंबर बल्लेबाजी के लिए आए और दो रन बनाकर नाबाद हैं। उधर कुलदीप यादव को नंबर पांच पर भेज दिया गया, जो 4 रन बनाकर अभी खेल रहे हैं। अब पांचवें दिन पूरे तीन सेशन खेलना टीम इंडिया के लिए आसान नहीं होगा। देखना होगा कि भारतीय टीम कैसी बल्लेबाजी करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *