केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि अब जंगली जानवरों और पानी भरने से फसल को नुकसान पर भी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा मिलेगा।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया है। शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी दी है कि अब किसानों को जंगली जानवरों से फसलों को नुकसान। दूसरा, ज़्यादा बारिश से बाढ़ या पानी भरने से फसलों को नुकसान पर भी मुआवजा दिया जाएगा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत इन दो नुकसान को पहले कवर नहीं किया गया था। हालांकि, सरकार ने अब किसानों की मांग को मानते हुए ऐसा कर दिया है।
कृषि मंत्री शिवराज ने क्या बताया?
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- “प्रिय किसान बहनों और भाइयों, आज आपको एक खुशखबरी दे रहा हूं। प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसलों के नुकसान पर हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना बनाई है। लेकिन इसमें दो नुकसान कवर नहीं थे, जिसकी लंबे समय से आप मांग कर रहे थे। पहला- जंगली जानवरों से होने वाला नुकसान, दूसरा- अतिवृष्टि के कारण बाढ़ या जलभराव के कारण फसलों को होने वाला नुकसान। अब मैं आपको प्रसन्नता के साथ यह सूचना दे रहा हूँ कि ये दोनों नुकसान भी फसल बीमा योजना में कवर कर लिए गए हैं।”
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा- “अगर जंगली जानवर फसलों का नुकसान करते हैं तो भी नुकसान की भरपाई होगी और जलभराव के कारण भी अगर फसल खराब होती है तो भी नुकसान की भरपाई होगी। प्रधानमंत्री जी को बहुत-बहुत धन्यवाद! अब देर मत कीजिए, जल्द ही अपनी फसल का बीमा करवाइए।”
कुल खाद्यान्न उत्पादन बढ़कर 357.73 मिलियन टन हुआ
दूसरी ओर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी दी है कि साल 2024-25 के फसल उत्पादन के अंतिम अनुमान बताते हैं कि देश का कुल खाद्यान्न उत्पादन बढ़कर 357.73 मिलियन टन हो गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 8% अधिक है। यह उपलब्धि किसानों की मेहनत, आधुनिक तकनीक के बढ़ते उपयोग और केंद्र सरकार की कृषि-हितैषी नीतियों का सामूहिक परिणाम है। पिछले दस वर्षों में खाद्यान्न उत्पादन में 106 मिलियन टन से अधिक की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है।