दिल्ली कार धमाके पर राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, असदुद्दीन ओवैसी और अन्य नेताओं ने क्या कहा?

Spread the love

दिल्ली में हुए धमाके में राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल समेत कई नेताओं ने दुख जाहिर किया है। केजरीवाल ने इस घटना पर चिंता जताई है और जांच की मांग की है।

दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके में लोगों के मारे जाने पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दुख जाहिर किया है। उन्होंने इस घटना को बेहद दर्दनाक और चिंताजनक बताया है। वहीं, अरविंद केजरीवाल ने इस घटना को लेकर जांच की मांग की है। इस बीच गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच की जाएगी। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने भी हादसे पर दुख जाहिर किया।

राहुल गांधी ने लिखा, “दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की ख़बर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। इस दुखद हादसे में कई निर्दोष लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। इस दुख की घड़ी में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा हूं और उनको अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।”

अरविंद केजरीवाल ने लिखा, “लाल किले के पास हुए धमाके की खबर बेहद चिंताजनक है। बताया जा रहा है कि इसमें कुछ लोगों की जान भी गई है, ये बेहद दुखद है। पुलिस और सरकार को तुरंत इसकी जांच करनी चाहिए कि ये धमाका कैसे हुआ और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है। दिल्ली की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती।”

असदुद्दीन ओवैसी ने लिखा, “लाल किले पर हुए विस्फोट की खबर से बेहद व्यथित हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और अपनों को खोने वालों के धैर्य की कामना करता हूं। मैं इस घटना की गहन और त्वरित जांच की आशा करता हूं। इस निंदनीय कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने लिखा, “दिल्ली में हुए धमाके में कई लोगों की मृत्यु एवं कई के घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर लिखा, “दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि इस घटना में कई अनमोल जानें गई हैं। इस दुःख की घड़ी में, हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं, और हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। सरकार को इस विस्फोट की शीघ्र और गहन जांच सुनिश्चित करनी चाहिए, जो एक उच्च सुरक्षा और अक्सर भीड़-भाड़ वाली जगह पर हुआ है, ताकि इस चूक और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जा सके।”

पुलिस ने क्या कहा?

दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शाम करीब 6.52 पर रेड लाइट के पास धीमी गति से चल रहे वाहन में धमाका हुआ। उस समय पैसेंजर अंदर ही थे। आस पास की गाड़ियों को भी नुकसान हुआ। पुलिस जांच कर रही है। कुछ लोग घायल हुए हैं, कई लोगों की मौत हुई है। कुछ समय बाद सही आंकड़ा सामने आएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *