गौरव खन्ना को टेलीविजन इंडस्ट्री में 21 साल पूरे हो गए हैं। उन्होंने अपने दमदार किरदार और शोज से दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली है और अब वह बिग बॉस 19 में नजर आ रहे हैं।

गौरव खन्ना वो सुपरस्टार हैं, जो 21 साल से टेलीविजन इंडस्ट्री पर राज कर रहे हैं। उनका नाम सुनते ही लोगों को उनके आइकॉनिक किरदार से लेकर शोज तक, सब कुछ याद आ जाता है। वे इन दिनों सलमान खान के मोस्ट पॉपुलर शो बिग बॉस 19 में नजर आ रहे हैं। एक नौजवान जो आंखों में एक सपना और दिल में विश्वास लेकर टेलीविजन सेट पर आता है। आज, वही लड़का भारतीय टेलीविजन के सबसे पसंदीदा, सम्मानित और प्रेरणा देने वाले कलाकारों में से एक बन गया है। गौरव खन्ना ने अपने एक्टिंग करियर में कई तरह के रोल प्ले किए हैं, जो आज भी लोगों के दिलों में खास जगह बनाए हुए हैं। फरहाना भट्ट से लड़ाई के बाद से गौरव खन्ना सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं।
गौरव खन्ना के शो और मशहूर किरदार
1. भाभी (2006) – भुवन सरीन
2. कुमकुम – एक प्यारा सा बंधन (2006-2007). शरमन वाधवा
3. मेरी डोली तेरे अंगना (2007-2008) – रूहान ओबेरॉय
4. अर्धांगिनी – एक खूबसूरत जीवन साथी (2007-2008) – निवान बनर्जी
5. संतान (2007-2009) – शुभ दीक्षित
6. जीवन साथी – हमसफर जिंदगी के (2008-2009) – नील फर्नांडीज
7. लव ने मिला दी जोड़ी (2009-2010) – पृथ्वी सक्सेना
8. यह प्यार न होगा कम (2009) – अबीर बाजपेयी
9. दिल से दिया वचन (2010-2011) – प्रेम राजाध्यक्ष
10. ब्याह हमारी बहू का (2012) – कृष / सत्या
11. CID (2014) – सीनियर इंस्पेक्टर कविन
12. तेरे बिन (2016) – डॉ. अक्षय सिन्हा
13. अनुपमा (2020-2024) – अनुज कपाड़िया
14. मौका-ए-वारदात (2021) – स्पेशल अपीयरेंस
टीवी पर कैसा रहा एक्टर गौरव का सफर
गौरव खन्ना के टेलीविजन इंडस्ट्री में 21 साल पूरे होने की खुशी में उनकी टीम ने एक्टर की जर्नी का एक शानदार वीडियो शेयर किया है, जिसमें लिखा था, ‘चाहे अपने किरदारों से आपको हंसाना हो या अपनी परफॉर्मेंस से आपको रुलाना हो, गौरव ने हमेशा अपने हर काम में अपनी आत्मा का एक हिस्सा दिया है… जो चीज इस माइलस्टोन को सच में खास बनाती है, वह हैं आप फैंस #KhannaKaKhaandaan जो उनके साथ बड़े हुए हैं, उन पर विश्वास किया है और साल दर साल उन्हें बिना शर्त प्यार दिया है। हर मैसेज, एडिट, चीयर और प्रार्थना इस सफर की धड़कन रही है।’
गौरव खन्ना बनेंगे बिग बॉग 19 के विनर?
गौरव खन्ना, जिन्हें ‘सीआईडी’ में सीनियर इंस्पेक्टर कविन और ‘अनुपमा’ में अनुज कपाड़िया की भूमिका निभाने के लिए जाना जाता है। वह इन दिनों भारतीय रियलिटी शो बिग बॉस सीजन 19 में एक प्रतियोगी के रूप में नजर आ रहे हैं। लोगों को उनका गेम भी बहुत पसंद आ रहा है। गौरव खन्ना ने सेलिब्रिटी मास्टरशेफ इंडिया के पहले सीजन का खिताब जीता है और अब उम्मीद की जा रही है कि वह बिग बॉग 19 के विनर भी बन सकते हैं।