न्यूयॉर्क के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी ने जीत के बाद ट्रंप को इमिग्रेशन पर खुली चुनौती दी और जवाहरलाल नेहरू का हवाला देते हुए बदलाव की नई राजनीति का संदेश दिया। 34 वर्षीय ममदानी अमेरिका के पहले दक्षिण एशियाई और मुस्लिम मेयर बने।

न्यूयॉर्क: अमेरिका के सबसे बड़े शहर न्यूयॉर्क के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी ने अपनी जीत के बाद दिए गए भाषण में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को आव्रजन पर सीधा चैलेंज दे दिया। उन्होंने एक ‘राजनीतिक राजवंश’ को गिराने का दावा करते हुए कहा कि उनकी जीत ‘अत्याचार और अकूत पैसे’ पर ‘उम्मीद’ की जीत है। इस मौके पर उन्होंने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का हवाला देते हुए कहा कि शहर ‘पुराने से नए की ओर’ कदम बढ़ा चुका है।
ममदानी ने हासिल की ऐतिहासिक जीत
बता दें कि मंगलवार को हुए चुनाव में ममदानी ने रिपब्लिकन उम्मीदवार कर्टिस स्लिवा और पूर्व न्यूयॉर्क गवर्नर एंड्र्यू कुओमो (जो निर्दलीय लड़े और चुनाव से एक दिन पहले ट्रंप का समर्थन मिला) को हराकर ऐतिहासिक जीत हासिल की। 91 फीसदी वोटों की गिनती के बाद ममदानी को 50 फीसदी से ज्यादा 10,36,051 वोट मिले। वहीं, कुओमो को 8,54,995 वोट (41.6%) और स्लिवा को 1,46,137 वोट मिले। इस जीत से 34 साल के ममदानी अमेरिका के सबसे बड़े शहर के पहले दक्षिण एशियाई और मुस्लिम मेयर बन गए हैं। युगांडा में जन्मे ममदानी की मां मशहूर भारतीय फिल्मकार मीरा नायर और पिता कोलंबिया यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर महमूद ममदानी हैं।
‘ न्यूयॉर्क, आज रात तुमने बदलाव का जनादेश दिया’
ब्रुकलिन पैरामाउंट में हजारों समर्थकों के सामने ममदानी ने कहा, ‘भविष्य हमारे हाथ में है। दोस्तों, हमने एक राजनीतिक राजवंश को गिरा दिया है। न्यूयॉर्क, आज रात तुमने बदलाव का जनादेश दिया है। एक नई तरह की राजनीति का जनादेश। एक किफायती शहर का जनादेश। और ऐसी सरकार का जनादेश जो ठीक यही देगी।’ भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की पंक्तियां दोहराते हुए ममदानी ने कहा, ‘इतिहास में कभी-कभी ऐसा पल आता है जब हम पुराने से नए की ओर कदम बढ़ाते हैं, जब एक युग खत्म होता है और राष्ट्र की लंबे समय से दबी आत्मा अपनी अभिव्यक्ति पाती है। आज रात हम पुराने से नए की ओर बढ़ चुके हैं। अब हम साफ और दृढ़ आवाज में बोलेंगे कि यह नया युग क्या देगा और किसके लिए।’
ममदानी ने ट्रंप को दे दिया खुला चैलेंज
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में आव्रजन पर सख्ती के बीच ममदानी ने कहा, ‘न्यूयॉर्क प्रवासियों से बना है, प्रवासी ही इसे चलाते हैं और आज रात से एक प्रवासी इसका नेतृत्व करेगा। डोनाल्ड ट्रंप, मैं जानता हूं तुम देख रहे हो। तुम्हें हममें से किसी को भी छूने से पहले हम सबसे निपटना होगा। हम खराब मकान मालिकों को जवाबदेह ठहराएंगे क्योंकि हमारे शहर के डोनाल्ड ट्रंपों (मकान मालिकों) ने किरायेदारों का खूब फायदा उठाया है। हम भ्रष्टाचार की संस्कृति खत्म करेंगे जिससे अरबपति ट्रंप जैसे लोग टैक्स चोरी करते हैं और टैक्स छूट का फायदा उठाते हैं। हम यूनियनों के साथ खड़े होंगे और मजदूरों के अधिकार बढ़ाएंगे। ट्रंप भी जानते हैं कि जब मजदूरों के अधिकार मजबूत होते हैं, तो मालिक बहुत छोटे हो जाते हैं।’