Most Important Medical Test: शरीर को स्वस्थ रखना है तो ये 3 मेडिकल टेस्ट जरूर कराने चाहिए। 40 साल के बाद ये जांच आपको कई गंभीर बीमारियों से बचा सकते हैं। जानिए कौन से मेडिकल टेस्ट जरूर कराने चाहिए।

लंबे समय तक स्वस्थ रहना है तो बढ़ती उम्र में सेहत का ख्याल रखना जरूरी है। जवानी में आप जो भी खाते हैं वो शरीर को तेजी से एनर्जी देता है। इस वक्त शरीर में जान होती है और रोग प्रतिरोधक क्षमता अच्छी होने के कारण शरीर बीमारियों से लड़ता है। लेकिन उम्र बढ़ने के साथ शरीर कमजोर होने लगता है। जिससे बीमारियां पनपने लगती हैं। इम्यूनिटी वीक होने से शरीर खुद से इन बीमारियों से नहीं लड़ पाता है। ऐसे में खाने-पीने का खास ख्याल रखना चाहिए। साथ ही बढ़ती उम्र में कुछ मेडिकल टेस्ट आपको समय-समय पर जरूर कराते रहना चाहिए। इन जांच को कराने से शरीर में क्या कमी है इसका पता चलता है। 40 की उम्र के बाद आपको 3 मेडिकल टेस्ट तो जरूर कराने ही चाहिए। जिसमें शुगर की जांच, लिपिड प्रोफाइल टेस्ट और बोन डेंसिटी टेस्ट जरूर करवाना चाहिए। डॉक्टर की मानें तो इन टेस्ट को कराने से एजिंग के साथ बढ़ने वाली बीमारियों को दूर किया जा सकता है।
जान बचाने वाले मेडिकल टेस्ट
लिपिड प्रोफाइल टेस्ट- हाई एलडीएल, कोलेस्ट्रॉल और ट्राईग्लसराइड्स इसमें शामिल होते हैं। इस मेडिकल टेस्ट को कराने से दिल की बीमारियों का खतरा कम होता है। दुनिया में 10 में से 4 युवाओं का हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या है जिसके शरीर में कोई लक्षण नजर नहीं आते हैं। ऐसे में लिपिड प्रोफाइल से हार्ट अटैक के रिस्क को कम किया जा सकता है।
ब्लड शुगर टेस्ट- इस टेस्ट को कराने से शरीर में हाई ब्लड शुगर का पता चलता है। हाई ब्लड शुगर साइलेंटली किडनी को डैमेज करता है। इसके अलावा शुगर बढ़ने से हार्ट, किडनी और दिमाग पर बुरा असर होता है। 500 मिलियन लोग दुनियाभर में हाई ब्लड शुगर के मरीज हैं। जिसमें से बड़ी संख्या में लोगों को पता नहीं है कि उन्हें डायबिटीज की बीमारी है।
बोन डेंसिटी टेस्ट- 40 साल की उम्र के बाद आपको बोन डेंसिटी टेस्ट जरूर करवाना चाहिए। उम्र बढ़ने पर हड्डियां और मासपेशियां कमजोर होने लगती हैं। लो बोन डेंसिटी से हड्डियों के टूटने का खतरा बढ़ जाता है। 1/3 महिलाओं 1/5 पुरुषों को हड्डियों में दर्द और उससे जुड़ी समस्याएं होने लगती है। ऑस्टियोपोरोसिस से जुड़े फ्रेक्चर होने का खतरा बढ़ जाता है।
इसलिए बेहतर होगा कि आप समय-समय पर जांच करवाएं और बढ़ती उम्र में बीमारियों से दूर रहें। इन टेस्ट को कराने से आप खुद को लंबे समय तक फिट और हेल्दी बनाए रख सकते हैं। डॉक्टर की सलाह पर 6 महीने 1 बार कम से कम ये टेस्ट जरूर कराने चाहिए। शुगर की जांच हर 3 महीने पर आपको जरूर करानी चाहिए।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।