क्या शुगर में अनार का जूस पीना चाहिए या नहीं? न्यूट्रिशनिस्ट ने दिया इस सवाल का जवाब

Spread the love

Drink Pomegranate Juice In Diabetes Or Not: अनार के जूस में पोषक तत्वों की अच्छी खासी मात्रा पाई जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि डायबिटीज होने पर इस जूस को पीना चाहिए या फिर नहीं..

हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक डायबिटीज में अपने डाइट प्लान पर खास ध्यान देने की जरूरत होती है। खान-पान में जरा सी चूक भी सेहत पर भारी पड़ सकती है। अनार को एक सुपर फ्रूट माना जाता है। इस फल में एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और पॉलीफेनॉल जैसे नेचुरल प्लांट कंपाउंड्स मौजूद होते हैं जो हार्ट के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। मेटाबॉलिज्म को बढ़ावा देने के लिए भी इस फल का सेवन करने की सलाह दी जाती है।

न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह

क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट, हेल्थ कोच और TEDx स्पीकर डॉ. निधि निगम ने बताया कि अनार डायबिटीज पेशेंट्स को भी कुछ हेल्थ बेनिफिट्स दे सकता है। हालांकि, ये जानना बेहद जरूरी है कि इसका सेवन समझदारी से कैसे किया जाए। स्टडी के मुताबिक एंटीऑक्सीडेंट रिच अनार ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और सूजन को कम करने में मदद कर सकता है। ये दोनों ही इंसुलिन रेजिस्टेंस और लॉन्ग टर्म डायबिटीज कॉम्प्लीकेशन्स में भूमिका निभाते हैं।

जूस की जगह खाएं फल

रिसर्च के मुताबिक अनार के रस या अर्क के नियमित सेवन से फास्टिंग के दौरान रक्त शर्करा और कोलेस्ट्रॉल के स्तर में मामूली सुधार हो सकता है। डॉ. निधि निगम के मुताबिक असली बात ये है कि अनार का रस किस रूप में और कितनी मात्रा में पिया जाता है। जब अनार का रस निकाला जाता है, तो उसका नेचुरल फाइबर खत्म हो जाता है जो शुगर के एब्जॉर्प्शन को धीमा करता है। बिना चीनी वाला अनार का रस भी ब्लड शुगर के स्तर को तेजी से बढ़ा सकता है। इसलिए अनार का रस पीने की जगह फल खाना ज्यादा बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।

गौर करने वाली बात

अगर किसी को अनार का जूस पीना पसंद है, तो वो कभी-कभी आधा गिलास (100 मिलीलीटर) अनार का जूस पी सकता है। शुगर के स्तर को कम करने के लिए इसे प्रोटीन या नट्स या फिर पनीर जैसे हेल्दी फैट्स के साथ पिया जा सकता है। हमेशा ताजा, बिना चीनी या नमक वाला घर का बना जूस पिएं। अनार का जूस डायबिटीज पेशेंट्स के लिए वर्जित नहीं है, लेकिन संतुलन जरूरी है। लंबे समय तक रक्त शर्करा नियंत्रण के लिए, साबुत फल, फाइबर युक्त भोजन और नियमित गतिविधि सबसे प्रभावी उपाय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *