पंजाब में भी वायु की गुणवत्ता बेहद चिंताजनक है। दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब के AQI की हालत बताते हुए एक्स पर पोस्ट किया है और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है।

नई दिल्ली: पंजाब में भी वायु की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है और यहां सांस लेना मु्श्किल हो रहा है। दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब के AQI की हालत बताते हुए एक्स पर पोस्ट किया है और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है।
सिरसा ने केजरीवाल पर साधा निशाना
मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के बाद अब पंजाब भी बर्बाद कर दिया है। कपूरथला का AQI-1153, जालंधर का AQI- 1061, लुधियाना का AQI- 798 और अमृतसर का AQI- 720 है। लोगों का सांस तक लेना मुश्किल हो गया है! अरविंद केजरीवाल, क्यों आप पंजाब के साथ इतनी दुश्मनी निभा रहे हैं?”
AAP पर लगाए थे गंभीर आरोप
इससे पहले सिरसा ने कहा था, “आम आदमी पार्टी जबरदस्ती किसानों के मुंह बांधकर तरन तारन और बठिंडा में पराली जलवा रही है ताकि दिल्ली के अंदर इसका असर हो। पिछले 10 सालों में दिल्ली के मुख्यमंत्री रहते हुए अरविन्द केजरीवाल ने पंजाब के किसानो को गालियां दीं। कुछ काम नहीं किया। अब जब पिछले 27 साल की बीमारी पर हमने काम करना शुरू किया है तो इनके पेट में दर्द हो रहा है।”
सिरसा ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “केजरीवाल एंड गैंग को शर्म आनी चाहिए! जिस प्रकार से ये लोग दिल्ली के सनातनियों की आस्था पर चोट कर रहे हैं, वह शर्मनाक है! तमाम प्रतिबंधों के बावजूद 2023 में दिवाली के बाद AQI 83 यूनिट बढ़ा, 2024 में 32 यूनिट बढ़ा, लेकिन हमारी सरकार आने के बाद 2025 में पटाखों से बैन हटने पर AQI सिर्फ़ 6 पॉइंट बढ़ा। तो अब बताइए, ये हंगामा किस बात का है? क्या केजरीवाल का काम केवल हिंदू त्यौहार पर सवाल खड़ा करना है? क्या हिंदुओं की आस्था को चुनौती देना ही आम आदमी पार्टी के लोगों का एकमात्र एजेंडा है? प्रभु श्री राम जी के इस पावन पर्व पर झूठी अफवाहें फैलाकर केजरीवाल और उनकी टीम ने साबित किया है कि उन्हें हिंदू धर्म की आस्था से कोई सरोकार नहीं।”