भारतीय क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया पहुंचने वाली है। इससे पहले ही मेजबान टीम को तगड़ा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज सीन एबॉट चोटिल हो गए हैं।

भारतीय टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे का 19 अक्टूबर से आगाज होने जा रहा है। इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज सीन एबॉट ने चोटिल होकर शेफील्ड शील्ड के इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया है। न्यू साउथ वेल्स के तेज गेंदबाज एबॉट नए ट्रायल रूल के तहत इंजरी रिप्लेसमेंट के रूप में मैच से बाहर किए जाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। सीन एबॉट क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के नए ट्रायल नियम के तहत कन्कशन के अलावा किसी अन्य चोट के कारण शेफील्ड शील्ड मैच से बाहर होने वाले पहले खिलाड़ी हैं। यह बदलाव क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के नए ट्रायल नियम के तहत हुआ, जो इस सीजन की शुरुआती पांच राउंड्स में लागू किया जा रहा है।
न्यू साउथ वेल्स और विक्टोरिया के बीच मेलबर्न में खेले जा रहे मैच के पहले दिन सीन एबट को चोट का सामना करना पड़ा। 15 अक्टूबर को दूसरे सेशन के दौरान विक्टोरिया के बल्लेबाज पीटर हैंड्सकॉम्ब ने एबॉट की गेंद पर जोरदार ड्राइव मारी। एबट ने गेंद को रोकने की कोशिश की लेकिन इस दौरान उनके दाएं हाथ की उंगलियों में चोट लग गई। वे अपना ओवर भी पूरा नहीं कर पाए और तुरंत मैदान से बाहर चले गए।
सीन एबॉट के रिप्लेसमेंट का हुआ ऐलान
टीम के मेडिकल स्टाफ ने जांच के बाद बताया कि यह चोट इतनी गंभीर है कि एबट पूरे मैच में गेंदबाजी नहीं कर पाएंगे। इसके बाद न्यू साउथ वेल्स टीम ने नियमों के तहत रिप्लेसमेंट की अपील की, जिसे मंजूरी मिल गई। एबट की जगह रिजर्व तेज गेंदबाज चार्ली स्टोबो को टीम में शामिल किया गया।
यह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा इस सीजन में शुरू किए गए ट्रायल रूल का हिस्सा है, जिसमें चोटिल खिलाड़ी के स्थान पर समान प्रकार का (like-for-like) रिप्लेसमेंट किया जा सकता है। इस नियम के तहत अब विक्टोरिया टीम को भी दूसरे दिन के अंत तक एक समान बदलाव करने की अनुमति दी जाएगी। यानी वे भी एक गेंदबाज के स्थान पर केवल गेंदबाज को ही टीम में शामिल कर सकेंगे। यह प्रयोग ऐसे समय में किया जा रहा है जब ICC भी भविष्य में टेस्ट क्रिकेट में ऐसे नियम लागू करने पर विचार कर रही है। हाल ही में इंग्लैंड और भारत के बीच एक टेस्ट मैच में क्रिस वोक्स की चोट के बाद यह बहस दोबारा शुरू हुई थी।
टेंशन में ऑस्ट्रेलियन सिलेक्टर्स
एबॉट की यह चोट ऑस्ट्रेलियाई सिलेक्टर्स के लिए नई चिंता बन गई है, क्योंकि पहले से ही कई प्रमुख गेंदबाज पैट कमिंस, लांस मॉरिस और झाय रिचर्डसन जैसे खिलाड़ी अलग-अलग तरह की चोटों से जूझ रहे हैं। वहीं ब्रेंडन डॉगेट, स्पेंसर जॉनसन और कैलम विदलर जैसे गेंदबाज भी घरेलू सीजन की शुरुआत में मैदान पर नहीं उतर पाए हैं। 33 साल के एबट को अब चोट के बाद 12 दिनों के अनिवार्य आराम का समय दिया गया है। यह अवधि 29 अक्टूबर को समाप्त होगी, ठीक उसी दिन जब ऑस्ट्रेलिया-भारत T20I सीरीज का पहला मुकाबला कैनबरा में खेला जाएगा। न्यू साउथ वेल्स कैंप की ओर से उम्मीद जताई गई है कि एबट भारत के खिलाफ पहले T20 मैच तक फिट हो जाएंगे।