भारतीय क्रिकेट टीम इस वक्त वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रही है, लेकिन इसमें एक खिलाड़ी नजर नहीं आ रहा है, जिसे होना चाहिए था।

भारतीय क्रिकेट टीम इस वक्त वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रही है। सीरीज का पहला मुकाबला भारतीय टीम ने बड़ी आसानी से अपने नाम कर लिया है। अब दूसरे मैच की बारी है। जो 10 अक्टूबर से दिल्ली में खेला जाएगा। इसके बाद टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी। इसके लिए भी टीम का ऐलान बीसीसीआई ने कर दिया है। इस बीच एक खिलाड़ी ऐसा भी है, जो फिट है, लेकिन फिर भी टीम इंडिया से बाहर चल रहा है। ऐसा लगता है कि बीसीसीआई ने उसे पूरी तरह से भुला दिया है। हम बात कर रहे हैं तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की, जो अभी कोई फॉर्मेट भारत के लिए नहीं खेल रहे हैं।
इस वक्त भारत के लिए कोई फॉर्मेट नहीं खेल रहे हैं शमी
मोहम्मद शमी एक वक्त टीम इंडिया के मुख्य स्तंभ हुआ करते थे। अगर वे फिट हैं तो कोई कारण नहीं कि टीम से बाहर हो जाएं। लेकिन अब वे पूरी तरह से भुला दिए गए हैं। जब वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया जाना था, तब उम्मीद की जा रही थी कि शमी इस सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे, लेकिन अब टीम सामने आई तो शमी का नाम उसमें नहीं था। हालांकि उम्मीद तब भी नहीं टूटी। माना गया कि जब भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी तो उस वनडे सीरीज में तो शमी का नाम होगा ही, लेकिन वहां भी उनका नाम नजर नहीं आया।
युवा और नए खिलाड़ियों पर ज्यादा फोकस कर रहा है बीसीसीआई
मोहम्मद शमी किस वजह से टीम से बाहर हैं, ये तो नहीं पता, लेकिन इतना तो लगने लगा है कि अब शमी की टीम इंडिया में वापसी काफी मुश्किल नजर आ रही है। शमी अब करीब 35 साल के हो गए हैं और बीसीसीआई की कोशिश है कि नए और युवा चेहरों को टीम में मौका दिया जाए। जो दिख भी रहा है। रोहित शर्मा से वनडे की भी कप्तानी छीनकर शुभमन गिल को देना, यही बताता है। इस वक्त विराट कोहली और रोहित शर्मा ही सबसे ज्यादा उम्र के खिलाड़ी हैं, जो इस वक्त खेल रहे हैं। लेकिन वे भी साल 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेल पाएंगे, इसको लेकर पक्के तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता।
वापसी का इंतजार कर रहे हैं शमी
शमी ने साल 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। तब से लेकर साल 2023 तक वे भारतीय टीम का अभिन्न हिस्सा बने रहे, लेकिन अब उनकी छुट्टी को चुकी है। उसी साल यानी 2013 में ही शमी ने वनडे डेब्यू किया था। इसी साल जब भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था, वो मैच अब तक उनका आखिरी वनडे है। शमी ने साल 2014 में अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था, इसके बाद फरवरी 2025 में उनका आखिरी मैच इंग्लैंड के खिलाफ है।
ऐसा रहा है शमी का इंटरनेशनल करियर
शमी भारत के लिए 64 टेस्ट खेलकर 229 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। वहीं बात अगर वनडे की करें तो वहां उन्होंने 108 मैच खेलकर 206 विकेट लेने का काम किया है। 25 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर 27 विकेट शमी ने चटकाए हैं। ये आंंकड़े बताते हैं कि शमी कितने बेहतरीन गेंदबाज हैं, लेकिन बीसीसीआई को अब उनकी जरूरत है कि नहीं, ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा। फिलहाल तो शमी बीसीसीआई के कॉल का इंतजार कर रहे हैं।