कनाडा में दो हफ्ते के दौरान 2 भारतीयों की हत्या से दहशत फैल गई है। दोनों ही हत्याएं टोरंटों मे हुई हैं। ताजा घटना में 20 साल के एक छात्र को टोरंटो विश्वविद्यालय के पास गोली मार दी गई।

टोरंटोः कनाडा में 2 हफ्ते 2 भारतीयों की हत्या से सनसनी फैल गई है। आखिर कौन है, जो कनाडा में भारतीय छात्रों और नागरिकों को निशाना बना रहा है। ताजा मामला भारतीय छात्र शिवांक अवस्थी का है, जिन्हें टोरंटो में यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो स्कारबोरो (UTSC) कैंपस के पास गत मंगलवार को गोली मार दी गई थी। इससे पहले एक और भारतीय नागरिक की बीते हफ्ते हत्या कर दी गई थी, जिनका नाम हिमांशु खुराना था। इन दोनों छात्रों की हत्या किसने की, इसे लेकर अभी तक कनाडा पुलिस के हाथ खाली हैं।
कौन थे शिवांक अवस्थी और हिमांशी खुराना
20 वर्षीय शिवांक अवस्थी भारतीय मूल का छात्र था, जो कनाडा के टोरंटो में यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो स्कारबोरो (UTSC) कैंपस के पास पढ़ाई कर रहा था। वह लाइफ साइंसेज में थर्ड ईयर का अंडरग्रेजुएट छात्र था, हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में उसे डॉक्टरल का छात्र बताया गया है, लेकिन विश्वविद्यालय और छात्रों के अनुसार वह अंडरग्रेजुएट था)। वह UTSC की चीयरलीडिंग टीम का सक्रिय सदस्य था। शिवांक के सहपाठियों के अनुसार वह अपने साथियों का मददगार और हमेशा मुस्कुराते रहने वाला छात्र था। वह अभ्यास के दौरान सभी का मनोबल बढ़ाता था। गत 23 दिसंबर को दिनदहाड़े हाइलैंड क्रीक ट्रेल इलाके में शिवांक को गोली मार दी गई। इस मामले में अभी तक किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पिछले हफ्ते हिमांशी की भी हुई थी हत्या
एक अलग घटना में बीते सप्ताह 30 वर्षीय भारतीय नागरिक हिमांशी खुराना की भी टोरंटो में हत्या कर दी गई थी। कनाडाई कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने हिमांशी की हत्या की पुष्टि करते हुए 32 वर्षीय आरोपी अब्दुल गफूरी पर प्रथम डिग्री हत्या के का सर्च वारंट जारी किया है। गत 20 दिसंबर को सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस ने एक आवास के अंदर हिमांशी नामक महिला को मृत पाया था। पुलिस ने कहा कि कथित तौर पर पीड़िता और संदिग्ध एक-दूसरे को जानते थे। टोरंटो पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है।
भारतीय दूतावास ने व्यक्त किया दुख
2 हफ्ते में 2 भारतीयों की हत्या से भारतीय दूतावास भी हैरान है। दूतावास ने दोनों भारतीयों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है और परिवार को हरसंभव मदद पहुंचाने का भरोसा दिया है। यह घटना कनाडा में भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही है। कनाडा में दो सप्ताह के अंदर दो भारतीय नागरिकों की हत्या से भारतीय समुदायों में भी चिंता व्याप्त हो गई है। टोरंटो में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने कहा कि वह पीड़ित के परिवार से संपर्क में है और सहायता प्रदान कर रहे हैं। दूतावास ने कहा, “टोरंटो विश्वविद्यालय स्कारबोरो कैंपस के पास गोलीबारी की घातक घटना में युवा भारतीय डॉक्टरल छात्र श्री शिवांक अवस्थी की दुखद मौत पर हम गहरा दुख व्यक्त करते हैं।”